TMC का बड़ा फैसला, पश्चिम बंगाल की सभी संगठनात्मक समितियां भंग

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने बड़ा संगठनात्मक फैसला लेते हुए राज्य की सभी संगठनात्मक समितियों और सहयोगी मोर्चा संगठनों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। पार्टी ने इसके साथ ही संगठन की समीक्षा और पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा भी की है।
टीएमसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि गहन विचार-विमर्श के बाद यह फैसला लिया गया है। पार्टी के अनुसार, अब संगठन के हर स्तर पर प्रदर्शन, कार्यप्रणाली और संगठनात्मक ढांचे की समीक्षा की जाएगी। समीक्षा पूरी होने के बाद संगठन का नया ढांचा तैयार किया जाएगा और इसकी जानकारी उचित समय पर दी जाएगी।
हालांकि पार्टी ने इस फैसले के पीछे कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया है, लेकिन इसे पार्टी के भीतर चल रही असंतोष की स्थिति से जोड़कर देखा जा रहा है। हाल ही में कुछ असंतुष्ट विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष से अलग विधायक दल के रूप में मान्यता देने की मांग की थी, जिससे पार्टी के अंदरूनी मतभेद सामने आए हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि संगठन को नए सिरे से मजबूत करने और नेतृत्व की पकड़ बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। हाल के चुनावी झटकों के बाद पार्टी को आंतरिक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
टीएमसी ने अपने बयान में कहा कि वह संगठन को और मजबूत बनाने तथा भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी के इस फैसले को उसके इतिहास के सबसे बड़े संगठनात्मक बदलावों में से एक माना जा रहा है।





