BAFTA के बाद NYIFF में भी छाई ‘बूंग’, अंतरराष्ट्रीय मंच पर लहराया परचम

मणिपुरी फिल्म ‘बूंग’ ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया है। फिल्म ने न्यूयॉर्क इंडियन फिल्म फेस्टिवल (NYIFF) 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पुरस्कार अपने नाम किए। इससे पहले भी यह फिल्म बच्चों और परिवार श्रेणी में BAFTA अवॉर्ड जीतने वाली पहली भारतीय फिल्म बन चुकी है।
28 से 31 मई तक आयोजित इस चार दिवसीय फिल्म फेस्टिवल में भारत की 15 भाषाओं की फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। ‘बूंग’ को फेस्टिवल की ओपनिंग फिल्मों में भी शामिल किया गया था और 29 मई को इसकी विशेष स्क्रीनिंग हुई। फिल्म के युवा कलाकार को बेस्ट चाइल्ड एक्टर का पुरस्कार मिला। फिल्म को उसकी भावनात्मक कहानी और मणिपुर के संघर्षपूर्ण माहौल को संवेदनशील तरीके से दिखाने के लिए काफी सराहना मिल रही है।
फिल्म की कहानी एक स्कूली बच्चे के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने लापता पिता की तलाश में निकलता है। इस दौरान वह अपनी मां को खुश करने की भी कोशिश करता है। बच्चे की नजर से दिखाई गई यह कहानी प्यार, पहचान, भेदभाव और अपनापन जैसे महत्वपूर्ण विषयों को छूती है।
फेस्टिवल में अन्य विजेताओं में ‘विमुक्त’ के लिए निखिल यादव को बेस्ट एक्टर और ‘विक्टोरिया’ के लिए मीनाक्षी जयन को बेस्ट एक्ट्रेस का पुरस्कार मिला। वहीं ‘तिघी’ के लिए निखिल महाजन और प्राजक्त देशमुख को बेस्ट स्क्रीनप्ले अवॉर्ड दिया गया। डॉक्यूमेंट्री श्रेणी में ‘डेजा वू’ ने बेस्ट डॉक्यूमेंट्री फीचर और ‘वाआई’ ने बेस्ट डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट का पुरस्कार जीता। वहीं ‘जो’स टर्न’ को बेस्ट नैरेटिव शॉर्ट फिल्म चुना गया।
एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी ‘बूंग’ में गुगुन किपगेन और बाला हिजाम अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। फिल्म सितंबर 2024 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और BAFTA में ऐतिहासिक जीत के बाद इसे इस साल फिर से रिलीज किया गया।
NYIFF 2026 में मिली इस नई सफलता के साथ ‘बूंग’ लगातार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी पहचान मजबूत कर रही है और मणिपुरी सिनेमा को दुनिया भर में नई पहचान दिला रही है।





