भारत

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी, मिडिल ईस्ट तनाव का असर

नई दिल्ली: देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में शनिवार को एक बार फिर बढ़ोतरी दर्ज की गई। पिछले 10 दिनों में यह तीसरी बार है जब तेल कंपनियों ने ईंधन के दाम बढ़ाए हैं। माना जा रहा है कि मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का असर अब भारत में भी देखने को मिल रहा है।

सरकारी तेल कंपनियों की ओर से जारी नए रेट के मुताबिक, दिल्ली में पेट्रोल 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया है। इसके बाद राजधानी में पेट्रोल की कीमत 99.51 रुपये प्रति लीटर और डीजल 92.49 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है।

इससे पहले 15 मई को पेट्रोल और डीजल के दाम में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी। वहीं, 19 मई को भी करीब 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी। अब पिछले 10 दिनों में ईंधन की कीमतें लगभग 5 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ चुकी हैं।

देश के बड़े शहरों की बात करें तो कोलकाता में पेट्रोल की कीमत में सबसे ज्यादा 94 पैसे की बढ़ोतरी हुई है, जिसके बाद वहां पेट्रोल 110.64 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में पेट्रोल 90 पैसे महंगा होकर 108.49 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है, जबकि चेन्नई में पेट्रोल की कीमत 105.31 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

डीजल के दाम में भी सभी महानगरों में बढ़ोतरी देखने को मिली। कोलकाता में डीजल 95 पैसे महंगा होकर 97.02 रुपये प्रति लीटर हो गया है। मुंबई में डीजल 95.02 रुपये और चेन्नई में 96.98 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।

तेल कंपनियों का कहना है कि अलग-अलग राज्यों में टैक्स, वैट और ट्रांसपोर्टेशन लागत की वजह से पेट्रोल-डीजल के दाम अलग हो सकते हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button