माउंट एवरेस्ट पर दर्दनाक हादसा: चढ़ाई के बाद लौटते समय दो भारतीय पर्वतारोहियों की मौत

काठमांडू: माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई के बाद लौटते समय दो भारतीय पर्वतारोहियों की मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों पर्वतारोही शिखर तक सफलतापूर्वक पहुंच गए थे, लेकिन नीचे उतरते समय उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बच नहीं सके। मृतकों की पहचान अरुण कुमार तिवारी और संदीप आरे के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, संदीप आरे ने बुधवार को एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचकर इतिहास रचा था, लेकिन वापसी के दौरान वह थकान और बीमारी के कारण गंभीर रूप से बीमार पड़ गए। शेरपा गाइड्स उन्हें कैंप II तक लेकर आए, लेकिन शुक्रवार सुबह उनकी मौत हो गई।
वहीं अरुण कुमार तिवारी ने गुरुवार को एवरेस्ट फतह किया था। वापसी के दौरान हिलेरी स्टेप के पास उनकी हालत बिगड़ गई और गुरुवार शाम उनकी मौत हो गई। उन्हें चार शेरपा गाइड्स की मदद से नीचे लाया जा रहा था। अधिकारियों ने बताया कि दोनों के शवों को काठमांडू लाने की प्रक्रिया जारी है।
इस सीजन में अब तक एवरेस्ट पर कुल 5 लोगों की मौत हो चुकी है। इससे पहले तीन नेपाली पर्वतारोहियों की भी जान गई थी।गौरतलब है कि बुधवार को एक ही दिन में 274 पर्वतारोहियों ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर सफल चढ़ाई की थी, जिनमें तीन भारतीय भी शामिल थे।





