आईपीएल 2026: ड्रेसिंग रूम में वेपिंग करते दिखे रियान पराग, BCCI ने लगाया जुर्माना

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग एक नए विवाद में फंस गए हैं। पंजाब किंग्स के खिलाफ आईपीएल 2026 के मैच के दौरान रियान पराग ड्रेसिंग रूम में वेपिंग करते हुए कैमरे में कैद हो गए। यह वीडियो लाइव प्रसारण के दौरान दिखा, जिसके बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और फैंस ने उनकी आलोचना शुरू कर दी।
इस मामले पर अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने कार्रवाई की है। बोर्ड ने रियान पराग पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया है और साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़ा गया है।
BCCI ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि रियान पराग ने आईपीएल आचार संहिता के लेवल-1 नियम का उल्लंघन किया है। उन पर आर्टिकल 2.21 के तहत कार्रवाई हुई है, जो खेल की छवि खराब करने वाले व्यवहार से जुड़ा है।
बोर्ड के मुताबिक, दूसरी पारी के दौरान रियान पराग को ड्रेसिंग रूम में वेप इस्तेमाल करते देखा गया। यह घटना मैच के दौरान कैमरे में आने के कारण ज्यादा चर्चा में आ गई। रिपोर्ट्स के अनुसार, रियान पराग ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और मैच रेफरी द्वारा दी गई सजा को मान लिया है। इसके अलावा उन्हें भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न करने की चेतावनी भी दी गई है।
यह विवाद राजस्थान रॉयल्स के लिए भी परेशानी का कारण बन गया है, क्योंकि अब टीम के प्रदर्शन से ज्यादा चर्चा कप्तान के व्यवहार को लेकर हो रही है। भारत में इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट और वेप पहले से ही कानून के तहत प्रतिबंधित हैं। साल 2019 में लागू हुए Prohibition of Electronic Cigarettes Act के तहत इनकी खरीद, बिक्री, आयात और विज्ञापन पर रोक है। ऐसे में राष्ट्रीय प्रसारण के दौरान रियान पराग का वेपिंग करते दिखना और भी बड़ा मुद्दा बन गया।
BCCI ने संकेत दिए हैं कि मामला सिर्फ रियान पराग तक सीमित नहीं रह सकता। बोर्ड इस बात की भी जांच कर रहा है कि क्या टीम या अधिकारियों के खिलाफ भी आगे कोई सख्त कदम उठाने की जरूरत है, ताकि आईपीएल की छवि पर असर न पड़े।





