महाराष्ट्र के लातूर में दर्दनाक घटना, महिला ने दो बच्चों के साथ कुएं में लगाई छलांग, तीनों की मौत

Maharashtra: महाराष्ट्र के लातूर जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक 25 वर्षीय महिला ने अपने दो छोटे बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगाकर जान दे दी। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और सनसनी फैल गई है।
घरेलू विवाद के बाद उठाया कदम
जानकारी के अनुसार, महिला Latur District की रहने वाली थी और उसका नाम निकिता अमरदीप भुरे (25) बताया गया है। बताया जा रहा है कि रविवार देर रात घरेलू विवाद के बाद उसने यह कदम उठाया।
पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक तनाव चल रहा था, जो रविवार शाम से बढ़ गया और देर रात तक विवाद जारी रहा।
देर रात घर से निकली महिला, बच्चों के साथ कुएं में कूदी
बताया गया कि तनाव के बाद महिला रात करीब 1:30 बजे अपने घर से निकली और अपने दो बच्चों—5 साल की बेटी शिवानी और 3 साल के बेटे शिवांश—को साथ लेकर पास के कुएं की ओर चली गई। इसके बाद तीनों ने कुएं में छलांग लगा दी।
अगले दिन मिली तीनों की लाश
परिवार की ओर से खोजबीन शुरू की गई, लेकिन कोई पता नहीं चला। सोमवार दोपहर बाद ग्रामीणों ने कुएं में शव देखे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकाला।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और मानसिक तनाव को इस घटना का कारण माना जा रहा है।





