उत्तर प्रदेश में छात्र की हत्या के बाद पिता का बड़ा फैसला; अंतिम संस्कार से किया इनकार

उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित उदय प्रताप कॉलेज में शुक्रवार (20 मार्च 2026) को एक छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 23 वर्षीय सूर्य प्रताप सिंह के रूप में हुई है, जो बीए चौथे सेमेस्टर का छात्र था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी छात्र मंजीत चौहान ने आपसी विवाद के चलते कॉलेज परिसर में ही सूर्य प्रताप पर गोली चला दी। बताया जा रहा है कि दोनों को प्रिंसिपल ने बातचीत के लिए बुलाया था। वहां से निकलते ही मंजीत ने सूर्य प्रताप के सिर और सीने पर करीब चार गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गया।
घायल छात्र को पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद कॉलेज में तनाव का माहौल बन गया। छात्रों ने गुस्से में प्रदर्शन किया, कॉलेज गेट बंद कर दिया और तोड़फोड़ की। इस दौरान कुछ शिक्षकों के साथ भी हाथापाई हुई, जिसमें एक शिक्षक घायल हो गया।
मृतक के पिता ने कहा कि जब तक आरोपी का एनकाउंटर नहीं होगा, वे बेटे का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। पुलिस का कहना है कि यह घटना आपसी रंजिश का नतीजा है। आरोपी मंजीत चौहान के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।





