मोदी-मोदी के नारे से गूंजा इजरायली संसद, अपनी सीट से खड़े हो गए सांसद — नेसेट में PM का ऐतिहासिक स्वागत

यरुशलम. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय दौरे पर इजरायल पहुंचे हैं और उनके स्वागत का जो नजारा इजरायली संसद नेसेट में देखने को मिला, वह भारत-इजरायल संबंधों की मजबूती की जीती-जागती तस्वीर बन गया.
सदन में गूंजे मोदी-मोदी के नारे
जैसे ही प्रधानमंत्री मोदी नेसेट के सभागार में दाखिल हुए, सभी सांसद एक साथ अपनी सीटों से खड़े हो गए और तालियों की जोरदार गड़गड़ाहट से उनका अभिनंदन किया. कुछ पलों के लिए तालियां थमीं तो सदन मोदी-मोदी के नारों से गूंज उठा. नेसेट के स्पीकर ने औपचारिक रूप से उनका स्वागत किया, लेकिन उस दौरान भी तालियों का सिलसिला जारी रहा. इसी दौरान जब इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू संसद परिसर में पहुंचे तो वहां बीबी-बीबी के नारे लगाए गए.
विपक्ष भी लौटा वापस, बार-बार मिला स्टैंडिंग ओवेशन
नेतन्याहू के संबोधन के दौरान इजरायली विपक्ष के नेता सदन से बाहर चले गए थे, लेकिन जैसे ही पीएम मोदी ने अपना भाषण शुरू किया, विपक्षी सांसद भी वापस आकर अपनी सीटों पर बैठ गए. यह दृश्य इस बात का साफ संकेत था कि मोदी के संबोधन को लेकर सदन में दलगत सीमाओं से परे व्यापक उत्सुकता थी. भाषण के दौरान सांसदों ने कई बार खड़े होकर तालियां बजाईं और स्टैंडिंग ओवेशन दिया. भाषण की समाप्ति पर एक बार फिर पूरा सदन मोदी-मोदी के नारों से गूंज उठा.
विपक्ष के नेता से भी मिलाया हाथ
भाषण के बाद पीएम मोदी ने स्पीकर से हाथ मिलाया और फिर विपक्ष की तरफ बढ़े, जहां उन्होंने इजरायली विपक्ष के नेता से भी मुलाकात कर संवाद का संदेश दिया. इसके बाद कई सांसद उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने और सेल्फी लेने के लिए आगे आए.
नेसेट में मिले इस असाधारण सम्मान को भारत और इजरायल के बीच प्रगाढ़ होते द्विपक्षीय संबंधों की मजबूत अभिव्यक्ति के रूप में देखा जा रहा है.





