भारत

BSNL अधिकारी के लिए अंडरगार्मेंट्स-कंघी जुटाने में लगे 50 कर्मचारी, वायरल हुआ आदेश तो सिंधिया ने रद्द किया दौरा

नई दिल्ली. सरकारी महकमे में वीआईपी संस्कृति का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. BSNL बोर्ड के निदेशक विवेक बंसल के प्रयागराज दौरे के लिए जारी किया गया एक आधिकारिक आदेश जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो हर तरफ बवाल मच गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उनका दौरा ही रद्द कर दिया.

25-26 फरवरी के दौरे के लिए था यह फरमान

विवेक बंसल 25 और 26 फरवरी को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के दो दिवसीय दौरे पर जाने वाले थे. इस दौरे की तैयारी के लिए जो आदेश जारी किया गया उसमें करीब 50 अधिकारियों को 20 अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं. यह आदेश जैसे ही सार्वजनिक हुआ, सोशल मीडिया पर इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं आने लगीं.

स्नान किट में अंडरवियर से लेकर बालों का तेल तक

वायरल आदेश में सबसे ज्यादा चर्चा ‘स्नान किट’ को लेकर रही. अधिकारियों को निर्देश था कि वे बंसल के संगम स्नान के लिए एक विशेष किट तैयार करें जिसमें तौलिया, अंडरगार्मेंट, चप्पल, कंघी, शीशा और बालों के तेल की बोतल शामिल हो. घाट पर उपयोग के लिए चादर की भी व्यवस्था करने को कहा गया था.

यहीं नहीं रुका मामला — होटल या सर्किट हाउस में उनके स्वागत के लिए ड्राई फ्रूट्स, फलों की टोकरी, शेविंग किट, टूथपेस्ट और शैंपू तक का इंतजाम करने के आदेश दिए गए थे. इसके अलावा संगम स्नान, नाव की सवारी और बड़े हनुमान, अक्षयवट तथा पातालपुरी मंदिरों के दर्शन की विशेष व्यवस्था भी की जानी थी.

सिंधिया ने बताया अस्वीकार्य, तुरंत लिया एक्शन

जब यह आदेश वायरल हुआ तो केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कड़ी नाराजगी जताई. सूत्रों के अनुसार मंत्री ने इस पूरे मामले को गलत, चौंकाने वाला और पूरी तरह अस्वीकार्य करार दिया और फौरन कार्रवाई के निर्देश दिए. इसके बाद विवेक बंसल का प्रयागराज दौरा तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया.

Show More
Back to top button