भारत

दिल्ली में बम धमकी से हड़कंप! लाल किला-विधानसभा निशाने पर

नई दिल्ली. सोमवार की दोपहर राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में उस वक्त अफरातफरी का माहौल बन गया जब लाल किला और दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली. यह धमकी एक खालिस्तानी ग्रुप के नाम से ईमेल के जरिए भेजी गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तत्काल हरकत में आ गईं.

सुबह 8 बजे मिला खतरनाक ईमेल

जानकारी के अनुसार दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को सुबह करीब आठ बजे एक ईमेल मिला जिसमें विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी. यही ईमेल विधानसभा की आधिकारिक आईडी पर भी भेजा गया. इसके अलावा दिल्ली सचिवालय को भी इसी तरह का ईमेल मिला, जिसमें लाल किले और आर्मी स्कूल को भी निशाना बनाने का उल्लेख था.

दोपहर करीब 12 बजे दिल्ली अग्निशमन सेवा को इस संबंध में कॉल मिलने के बाद दमकल विभाग और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें तुरंत मौके पर रवाना की गईं.

तलाशी में कुछ नहीं मिला, धमकी फर्जी निकली

विधानसभा, सचिवालय और आसपास के इलाकों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया. बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाड और पुलिस बल ने पूरे परिसर को खंगाल डाला. जांच के बाद अधिकारियों ने पुष्टि की कि यह ईमेल फर्जी था और कहीं से भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली. हालांकि एहतियात के तौर पर तीनों स्थानों के आसपास बैरिकेडिंग बरकरार रखी गई.

VPN और विदेशी सर्वर से भेजी जा रहीं धमकियां

दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ईमेल के आईपी एड्रेस, स्रोत और संभावित मकसद की जांच में जुट गई है. सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की धमकियां भेजने में आमतौर पर VPN और विदेशी सर्वर का सहारा लिया जाता है ताकि भेजने वाले की पहचान न हो सके.

गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में दिल्ली के स्कूलों — जिनमें आर्मी पब्लिक स्कूल और एयर फोर्स बाल भारती स्कूल भी शामिल हैं — के अलावा अदालतों और अन्य सरकारी संस्थानों को भी इसी तरह के ईमेल मिल चुके हैं, जो बाद में हॉक्स साबित हुए.

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें और अफवाहों से दूर रहें. मामले की जांच जारी है.

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button