82 किमी दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर राष्ट्र को समर्पित, क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मिला बड़ा बढ़ावा

रविवार, 22 फरवरी 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ के शताब्दी नगर स्टेशन से मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने करीब ₹12,930 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने जनसभा को भी संबोधित किया।
प्रधानमंत्री ने 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली–मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित किया। इसके साथ ही देश की पहली नमो भारत रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) के शेष हिस्सों का भी उद्घाटन किया गया। इसमें दिल्ली के सराय काले खान से न्यू अशोक नगर तक 5 किलोमीटर और उत्तर प्रदेश में मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 21 किलोमीटर का सेक्शन शामिल है।
180 किलोमीटर प्रति घंटे की डिजाइन स्पीड वाली नमो भारत भारत की पहली रीजनल रैपिड ट्रांजिट सेवा है। यह दिल्ली को साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ जैसे बड़े शहरों से तेज़ और सुगम तरीके से जोड़ेगी।
सराय काले खान स्टेशन इस कॉरिडोर का प्रारंभिक स्टेशन है, जिसे एक बड़े मल्टी-मॉडल हब के रूप में विकसित किया गया है। यहां से हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन, वीर हकीकत राय ISBT और रिंग रोड से सीधा कनेक्शन मिलेगा। इसके अलावा मेरठ में शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम स्टेशन भी शुरू किए गए हैं।
प्रधानमंत्री ने मेरठ साउथ से मोदीपुरम के बीच मेरठ मेट्रो सेवा का भी उद्घाटन किया। खास बात यह है कि मेरठ मेट्रो और नमो भारत एक ही ट्रैक और इंफ्रास्ट्रक्चर पर चलेंगी, जो देश में अपनी तरह की पहली पहल है। मेरठ मेट्रो देश की सबसे तेज मेट्रो होगी, जिसकी अधिकतम संचालन गति लगभग 120 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। यह पूरी दूरी को सभी स्टॉप पर रुकते हुए करीब 30 मिनट में पूरा करेगी।
नमो भारत और मेरठ मेट्रो का यह संयुक्त मॉडल शहर और आसपास के इलाकों के बीच तेज और आसान यात्रा सुनिश्चित करेगा। यह परियोजना भारत में शहरी और क्षेत्रीय परिवहन के एक नए मानक के रूप में देखी जा रही है।





