कराची में गैस रिसाव से भीषण धमाका, 16 की मौत

पाकिस्तान के कराची शहर में गुरुवार (19 फरवरी 2026) सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक रिहायशी इमारत में संदिग्ध गैस रिसाव के कारण जोरदार धमाका हुआ, जिसमें कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए। मरने वालों में कई बच्चे भी शामिल हैं।
यह धमाका सुबह करीब 4:30 बजे कराची के ओल्ड सोल्जर बाजार इलाके में स्थित एक इमारत की पहली मंजिल पर हुआ। उस समय लोग सहरी के लिए जाग रहे थे, क्योंकि पाकिस्तान में आज रमजान का पहला दिन है। पुलिस अधिकारी जमशेद आशर ने बताया कि शुरुआती जांच में धमाके की वजह गैस रिसाव लग रही है। कराची में गैस की कमी के कारण खासकर कम आय वाले इलाकों में लोग घरों में एलपीजी सिलेंडर का इस्तेमाल करते हैं, जिससे इस तरह के हादसों का खतरा बढ़ जाता है।
पुलिस सर्जन डॉ. समैया सैयद ने बताया कि अब तक 14 शव अस्पताल लाए जा चुके हैं, जबकि 14 घायलों का इलाज चल रहा है। मृतकों में कम से कम नौ बच्चे शामिल हैं, जिनकी उम्र दो से 17 साल के बीच बताई जा रही है। घायलों में भी सात बच्चे शामिल हैं। धमाके की वजह से इमारत का एक हिस्सा गिर गया। बताया जा रहा है कि इमारत पहले से ही जर्जर हालत में थी, जिससे नुकसान और बढ़ गया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी हुमायूं खान ने कहा कि मलबे में अब भी तलाश अभियान जारी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं और लोग फंसे तो नहीं हैं।
गौरतलब है कि कराची में हाल के समय में यह दूसरी बड़ी त्रासदी है। पिछले महीने सदर इलाके के गुल शॉपिंग प्लाजा में आग लगने से कम से कम 79 लोगों की जान चली गई थी और कई लोग घायल हुए थे। यह हादसा रमजान के पहले दिन हुआ, जिससे पूरे इलाके में मातम का माहौल है।





