राजपाल यादव चेक बाउंस मामले में हाईकोर्ट सख्त, भुगतान में देरी पर उठाए सवाल

बॉलीवुड अभिनेता और कॉमेडियन राजपाल यादव इन दिनों 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले को लेकर कानूनी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। कर्ज की राशि का भुगतान न कर पाने के कारण उन्हें तिहाड़ जेल प्रशासन के सामने सरेंडर करना पड़ा। 12 फरवरी को दिल्ली हाईकोर्ट में उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई हुई, जहां कोर्ट ने उन्हें भुगतान में देरी को लेकर कड़ी टिप्पणी की।
सुनवाई के दौरान दिल्ली हाईकोर्ट ने राजपाल यादव से सवाल किया कि जब उन्होंने खुद स्वीकार किया था कि उन्होंने पैसे उधार लिए हैं और उन्हें चुकाने का वादा किया था, तो अब सजा पर रोक लगाने की मांग क्यों कर रहे हैं। कोर्ट ने कहा कि एक बार अपराध स्वीकार करने और भुगतान का आश्वासन देने के बाद सजा के खिलाफ दलील देना उचित नहीं है।
राजपाल यादव के वकील ने दलील दी कि उनके मुवक्किल शुरू से ही मामले को सुलझाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने बताया कि फिल्म प्रोडक्शन में निवेश की गई 5 करोड़ रुपये की राशि में से 3 करोड़ रुपये से अधिक पहले ही चुकाए जा चुके हैं। वकील ने कहा कि राजपाल ने कोर्ट में अपने शब्दों का सम्मान करते हुए सरेंडर किया है।
हालांकि, कोर्ट ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि याचिका पहले भी दाखिल की गई थी और उस समय भी भुगतान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन वर्षों तक राशि जमा नहीं की गई। कोर्ट ने यह भी कहा कि मीडिएशन सेंटर में भी कई बार भुगतान का वादा किया गया और 25-30 मौके दिए गए, लेकिन आदेश का पालन नहीं हुआ। न्यायालय ने स्पष्ट किया कि कानून सबके लिए समान है और भुगतान में देरी के कारणों की स्पष्ट जानकारी देनी होगी।
राजपाल के वकील ने बताया कि याचिकाकर्ता को 2.10 करोड़ रुपये जमा करने हैं और वे अदालत में सुरक्षा राशि (सिक्योरिटी अमाउंट) जमा करने को तैयार हैं। साथ ही परिवार में शादी का हवाला देते हुए जमानत की मांग की गई। इस पर कोर्ट ने कहा कि यदि राशि जमा करने की ठोस तैयारी है तो आगे सुनवाई जारी रखी जाएगी।
इंडस्ट्री से मिला समर्थन
इस मुश्किल समय में राजपाल यादव को फिल्म इंडस्ट्री से समर्थन मिला है। सरेंडर से पहले उन्होंने तिहाड़ जेल अधिकारियों के सामने अपनी आर्थिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा था कि उनके पास भुगतान के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। यह खबर सामने आने के बाद कई कलाकार उनके समर्थन में आगे आए।
अब तक लगभग 14 सेलेब्स ने आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया है। इनमें सलमान खान, अजय देवगन, वरुण धवन, डेविड धवन, सोनू सूद, तेज प्रताप यादव, राव इंद्रजीत सिंह, गुरु रंधावा, गुरमीत चौधरी, केआरके और मीका सिंह जैसे नाम शामिल हैं। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एंप्लाइज (FWICE) ने भी इंडस्ट्री से राजपाल की मदद के लिए आगे आने की अपील की है।
राजपाल यादव की पत्नी राधा ने इस सहयोग के लिए सभी का आभार जताया है। फिलहाल मामले में अगली सुनवाई का इंतजार है और यह देखना होगा कि अदालत आगे क्या फैसला सुनाती है।





