AI Impact Summit से पहले पीएम मोदी–नविन रामगुलाम की बातचीत, सहयोग बढ़ाने पर सहमति

मॉरीशस के प्रधानमंत्री नविन रामगुलाम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई बातचीत को “रचनात्मक” बताया है। उन्होंने कहा कि वह भारत में अगले हफ्ते होने वाले एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान भारत–मॉरीशस सहयोग को और आगे बढ़ाने को लेकर आशावादी हैं। नविन रामगुलाम ने कहा कि मॉरीशस भारत के साथ रणनीतिक सहयोग को कई क्षेत्रों में मजबूत करने के पक्ष में है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि दोनों देश विकास, नवाचार और उभरती तकनीकों जैसे क्षेत्रों में एक जैसी सोच रखते हैं।
Thank you Prime Minister @narendramodi for this constructive exchange.
Mauritius and India remain firmly aligned in strengthening strategic cooperation across development, innovation and emerging technologies.
I look forward to deepening this collaboration at the AI Impact…
— Dr Navin Ramgoolam official (@Ramgoolam_Dr) February 9, 2026
सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मॉरीशस के प्रधानमंत्री नविन रामगुलाम के बीच फोन पर बातचीत हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत और मॉरीशस के बीच चल रहे सहयोग की प्रगति की समीक्षा की। पीएम मोदी ने नविन रामगुलाम को भारत में होने वाले एआई इम्पैक्ट समिट के लिए आमंत्रित भी किया।
दोनों नेताओं ने भारत और मॉरीशस के बीच ऐतिहासिक, विशेष और जनता-केंद्रित रिश्तों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। साथ ही हिंद महासागर क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिए मिलकर काम करने पर भी सहमति जताई।
गौरतलब है कि पिछले साल सितंबर में नविन रामगुलाम की भारत यात्रा के दौरान भारत ने मॉरीशस को 680 मिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक का विशेष आर्थिक पैकेज दिया था। इस दौरान दोनों देशों के बीच विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, समुद्र विज्ञान, सार्वजनिक प्रशासन, ऊर्जा, छोटे विकास प्रोजेक्ट्स, हाइड्रोग्राफी और अंतरिक्ष सहयोग से जुड़े सात समझौता ज्ञापन (MoU) भी साइन किए गए थे।





