‘प्यारे दोस्त ट्रंप से बात करके अच्छा लगा’: अमेरिका से टैरिफ कम होने पर पीएम मोदी ने शेयर की पोस्ट

भारत और अमेरिका के बीच लंबे वक्त से चल रही टैरिफ जंग के बीच सोमवार की रात भारत और भारतीय बाजार दोनों के लिए खुशखबरी लेकर आई है, क्योंकि अमेरिका ने भारत पर लगाए गए टैक्स को कम कर दिया है. अमेरिका ने भारत पर लगे टैरिफ 25 फीसदी को घटाकर 18 फीसदी कर दिया है.
यह फैसला दोनों नेताओं के बीच सोमवार रात हुई फोन कॉल के बाद हुआ. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की. इस बातचीत में दोनों नेताओं के बीच कई मुद्दों को लेकर चर्चा हुई. इनमें व्यापार समेत अन्य मुद्दे शामिल रहे. इसकी जानकारी भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने दी.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड्र ट्रंप से हुई बातचीत के बाद पीएम मोदी ने X पर ट्वीट कर लिखा, आज अपने प्यारे दोस्त राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके बहुत अच्छा लगा. खुशी है कि अब मेड इन इंडिया प्रोडक्ट्स पर टैरिफ 18% कम हो जाएगा. इस शानदार घोषणा के लिए भारत के 1.4 अरब लोगों की तरफ से राष्ट्रपति ट्रंप को बहुत-बहुत धन्यवाद.
Wonderful to speak with my dear friend President Trump today. Delighted that Made in India products will now have a reduced tariff of 18%. Big thanks to President Trump on behalf of the 1.4 billion people of India for this wonderful announcement.
When two large economies and the…
— Narendra Modi (@narendramodi) February 2, 2026
उन्होंने आगे लिखा, जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र एक साथ काम करते हैं, तो इससे हमारे लोगों को फायदा होता है और आपसी फायदे वाले सहयोग के लिए बहुत सारे मौके खुलते हैं. वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रंप का नेतृत्व बहुत ज़रूरी है. भारत शांति के लिए उनके प्रयासों का पूरा समर्थन करता है. मैं अपनी पार्टनरशिप को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं.
वहीं ट्रंप ने पीएम से हुई पात के बाद पोस्ट में लिखा, ‘आज सुबह भारत के प्रधानमंत्री मोदी से बात करना मेरे लिए सम्मान की बात थी. वे मेरे सबसे करीबी दोस्तों में से एक हैं और अपने देश के एक शक्तिशाली और सम्मानित नेता हैं. हमने ट्रेड और रूस-यूक्रेन युद्ध समाप्त करने सहित कई मुद्दों पर बात की. भारत रूस से तेल की खरीद को बंद करने के साथ-साथ अमेरिका और वेनेजुएला से अधिक तेल खरीदने पर सहमत हुआ है. इससे यूक्रेन में चल रहे युद्ध को खत्म करने में मदद मिलेगी, जिसमें हर हफ्ते हजारों लोग मर रहे हैं.’
उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ दोस्ती और सम्मान के नाते और उनके अनुरोध पर तुरंत प्रभाव से, हम संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत के बीच एक ट्रेड डील पर सहमत हुए. इसके तहत अमेरिका रेसिप्रोकल टैरिफ को कम करके 25 फीसदी से 18 फीसदी कर देगा. भारत भी इसी प्रकार अमेरिका के खिलाफ अपने टैरिफ और गैर-शुल्क बाधाओं को शून्य करने की दिशा में आगे बढ़ेगा.’
— Rapid Response 47 (@RapidResponse47) February 2, 2026
राष्ट्रपति ट्रंप के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने ‘बाय अमेरिकन’ नीति के तहत अमेरिका से बड़े पैमाने पर खरीदारी का भी वादा किया है, जिसमें 500 अरब डॉलर से अधिक के अमेरिकी ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला और अन्य उत्पाद शामिल होंगे. ट्रंप ने कहा कि भारत-अमेरिका संबंध आने वाले समय में और मजबूत होंगे और दोनों नेता ऐसे हैं जो काम करके दिखाते हैं.




