मनोरंजन

शाहिद कपूर की फिल्म ‘ओ रोमियो’ की रिलीज पर संकट, कोर्ट पहुंची गैंगस्टर हुसैन उस्तरा की बेटी

शाहिद कपूर स्टारर अपकमिंग फिल्म ‘ओ रोमियो’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है, लेकिन रिलीज से पहले ही यह फिल्म कानूनी पचड़े में फंस गई है। गैंगस्टर हुसैन उस्तरा की बेटी सनोबर शेख ने फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग करते हुए मुंबई सिविल कोर्ट का रुख किया है।

निर्माता-निर्देशक के खिलाफ केस दर्ज

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, सनोबर शेख ने सोमवार को मुंबई सिविल कोर्ट में याचिका दायर की। उन्होंने दावा किया है कि फिल्म ‘ओ रोमियो’ उनके दिवंगत पिता हुसैन उस्तरा की बिना अनुमति के बनाई गई बायोपिक है और इसमें उनकी जिंदगी को गलत तरीके से पेश किया गया है। इस मामले में उन्होंने फिल्म के निर्माता साजिद नाडियाडवाला और निर्देशक विशाल भारद्वाज के खिलाफ केस दर्ज कराया है।

क्या है सनोबर शेख की दलील

याचिका में सनोबर शेख ने साजिद नाडियाडवाला, विशाल भारद्वाज और पत्रकार-लेखक हुसैन जैदी को प्रतिवादी बनाया है। उनका कहना है कि फिल्म की कहानी उनके पिता के जीवन पर आधारित है, जिन्हें एक गैंगस्टर के रूप में दिखाया गया है। इस केस पर अदालत में 6 फरवरी को सुनवाई होनी है। बता दें कि फिल्म में शाहिद कपूर ने हुसैन उस्तरा से प्रेरित किरदार निभाया है और यह हुसैन जैदी की किताब ‘माफिया क्वींस ऑफ मुंबई’ से प्रेरित बताई जा रही है।

13 फरवरी को रिलीज होनी है फिल्म

एक्शन-थ्रिलर फिल्म ‘ओ रोमियो’ को 13 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाना है। मुकदमे में यह भी आरोप लगाया गया है कि फिल्म को व्यावसायिक लाभ के उद्देश्य से बनाया गया है और वादी से पहले कोई सहमति नहीं ली गई। सनोबर शेख का कहना है कि फिल्म की रिलीज से उनके परिवार की छवि और भावनाओं को गंभीर नुकसान पहुंचेगा।

ओटीटी और टीवी रिलीज पर भी रोक की मांग

सनोबर शेख ने अदालत से यह भी अनुरोध किया है कि फिल्म को न सिर्फ सिनेमाघरों में बल्कि टीवी चैनलों और किसी भी ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज करने से भी रोका जाए। वहीं, फिल्म के निर्माता और निर्देशक ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि ‘ओ रोमियो’ पूरी तरह काल्पनिक कहानी पर आधारित है और इसका किसी वास्तविक व्यक्ति से सीधा संबंध नहीं है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button