दिल्ली-एनसीआर में फिर बदलेगा मौसम, तीन दिन बारिश और तेज हवाओं का अनुमान

दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते 31 जनवरी से 2 फरवरी के बीच दिल्ली-एनसीआर में बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
बीते दो दिनों से राजधानी में आसमान में बादल छाए हुए हैं और ठंड में भी इजाफा महसूस किया जा रहा है। बुधवार को दिल्ली में कड़ाके की ठंड रही। अधिकतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 4.2 डिग्री अधिक है।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को अधिकतम तापमान 17 से 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री और न्यूनतम 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
शनिवार और रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान गरज के साथ बारिश होने और 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। शनिवार को अधिकतम तापमान 19 से 21 डिग्री और न्यूनतम 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं रविवार को अधिकतम तापमान 17 से 19 डिग्री और न्यूनतम 11 से 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
सोमवार को भी हल्की बारिश के आसार
मौसम विभाग ने सोमवार को भी बूंदाबांदी की संभावना जताई है। हालांकि तापमान में खास बदलाव की उम्मीद नहीं है। मंगलवार और बुधवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना नहीं बताई गई है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
खराब श्रेणी में रही वायु गुणवत्ता
इस बीच दिल्ली की वायु गुणवत्ता चिंता का विषय बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, बुधवार शाम 4 बजे औसत एक्यूआई 255 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। वायु गुणवत्ता चेतावनी प्रणाली के मुताबिक 28 और 29 जनवरी को हवा ‘खराब’ श्रेणी में रहने की संभावना है, जबकि 30 और 31 जनवरी को यह ‘अत्यंत खराब’ स्तर पर पहुंच सकती है। बुधवार शाम तक 10 स्टेशनों पर एक्यूआई ‘अत्यंत खराब’, 21 पर ‘खराब’ और 8 स्टेशनों पर ‘मध्यम’ दर्ज किया गया।





