मनोरंजन

बॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्री में भूचाल, अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग को कहा अलविदा

बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय और सफल गायकों में से एक अरिजीत सिंह ने सिंगिंग को लेकर बड़ा फैसला लिया है। सिंगर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर ऐलान किया कि वह अब आगे से बॉलीवुड में प्लेबैक सिंगर के तौर पर कोई नया काम नहीं लेंगे। इस खबर के सामने आते ही म्यूजिक इंडस्ट्री और उनके फैंस के बीच हलचल मच गई है।

अपने पोस्ट में अरिजीत सिंह ने लिखा कि इतने सालों तक उन्हें श्रोताओं से जो प्यार मिला, उसके लिए वह दिल से आभारी हैं। उन्होंने कहा कि प्लेबैक सिंगिंग का यह सफर अब यहीं खत्म कर रहे हैं और यह उनके जीवन का एक बेहद खूबसूरत दौर रहा।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Arijit Singh (@arijitsingh)


अरिजीत सिंह आज भारतीय म्यूजिक इंडस्ट्री का सबसे बड़ा नाम माने जाते हैं। उनकी आवाज रोमांटिक गानों के साथ-साथ दर्द, सूफी और देशभक्ति गीतों में भी लोगों के दिलों में खास जगह बना चुकी है। फिल्म आशिकी 2 का सुपरहिट गाना ‘तुम ही हो’ उनके करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ था।

हिंदी के अलावा अरिजीत ने बंगाली, तमिल, तेलुगु, मराठी और कन्नड़ जैसी कई भाषाओं में भी गाने गाए हैं। वह अब तक 300 से ज्यादा फिल्मों में अपनी आवाज दे चुके हैं। राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, फिल्मफेयर अवॉर्ड्स समेत कई बड़े सम्मान उनके नाम हैं। Spotify और YouTube जैसे म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स पर वह दुनिया के सबसे ज्यादा सुने जाने वाले भारतीय कलाकारों में शामिल हैं।

रियलिटी शो फेम गुरुकुल से करियर की शुरुआत करने वाले अरिजीत सिंह ने लंबे संघर्ष के बाद यह मुकाम हासिल किया। आज उनकी आवाज हर बड़े प्रोजेक्ट की पहचान मानी जाती है, ऐसे में उनका यह फैसला फैंस के लिए चौंकाने वाला है।

अरिजीत सिंह–सलमान खान कॉन्ट्रोवर्सी: क्या हुआ था पूरा मामला?

अरिजीत सिंह का नाम सालों तक बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान से जुड़ी एक कॉन्ट्रोवर्सी को लेकर चर्चा में रहा है। यह विवाद साल 2014 के स्टार गिल्ड अवॉर्ड्स से जुड़ा बताया जाता है।

अवॉर्ड शो के दौरान सलमान खान स्टेज होस्ट कर रहे थे, जबकि अरिजीत सिंह अवॉर्ड लेने मंच पर पहुंचे थे। इसी दौरान सलमान ने अरिजीत से मजाकिया अंदाज़ में पूछा था, “सो गए थे क्या?” जिस पर अरिजीत ने जवाब दिया था, “आप लोगों ने सुला दिया यार।”

इसके बाद यह चर्चा शुरू हो गई कि सलमान खान इस बात से नाराज हो गए थे। इसके बाद इंडस्ट्री में यह खबरें फैलने लगीं कि सलमान की फिल्मों में अरिजीत को गाने का मौका नहीं मिल रहा है। कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि किक, बजरंगी भाईजान और खासतौर पर सुल्तान जैसी फिल्मों से अरिजीत सिंह के गाने हटाए गए। फिल्म सुल्तान के मशहूर गाने ‘जग घूमेया’ को बाद में राहत फतेह अली खान ने गाया, जिसे इसी विवाद से जोड़कर देखा गया।

2025 में आया था सलमान खान का बयान

साल 2025 में इस कॉन्ट्रोवर्सी पर सलमान खान ने बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि अरिजीत सिंह के साथ जो भी गलतफहमी हुई थी, वह उनकी तरफ से थी। सलमान ने यह भी कहा था कि दोनों के बीच कोई दुश्मनी नहीं है और अरिजीत ने उनकी फिल्मों के लिए गाने भी गाए हैं।

सलमान के इस बयान के बाद यह विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया था और इंडस्ट्री में इसे लेकर काफी बातें हुई थीं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button