Fraud and Scam

गाजियाबाद में डिस्ट्रीब्यूटरशिप के नाम पर 23.53 लाख की साइबर ठगी

ऑनलाइन सुविधाओं के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला गाजियाबाद के अंकुर विहार इलाके से सामने आया है, जहां एक युवक से नामी कंपनी की डिस्ट्रीब्यूटरशिप दिलाने के नाम पर करीब 23.53 लाख रुपये की ठगी कर ली गई।

अंकुर विहार निवासी जितेंद्र तिवारी ने एक नामी कंपनी की डिस्ट्रीब्यूटरशिप लेने के लिए ऑनलाइन एक वेबसाइट पर आवेदन किया था। इसके कुछ समय बाद ठगों ने कंपनी के नाम से मिलती-जुलती फर्जी ईमेल आईडी बनाकर उनसे संपर्क किया। उन्होंने खुद को कंपनी का अधिकारी बताकर बेहद भरोसेमंद और प्रोफेशनल तरीके से बातचीत की, जिससे पीड़ित को उन पर शक नहीं हुआ।

पीड़ित के मुताबिक, 18 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच ठगों ने अलग-अलग बहानों से पैसे मांगे। कभी प्रोसेसिंग फीस, कभी हैंडलिंग चार्ज और कभी सिक्योरिटी मनी के नाम पर उससे कई बार पैसे ट्रांसफर करवाए गए। ठगों की बातों में आकर जितेंद्र ने कुल 23 लाख 53 हजार रुपये उनके बताए गए बैंक खातों में जमा कर दिए।

जब इसके बाद भी न तो डिस्ट्रीब्यूटरशिप से जुड़ा कोई काम शुरू हुआ और न ही कोई माल भेजा गया, तो पीड़ित को ठगी का शक हुआ। इसी दौरान ठगों ने फिर से और पैसे की मांग की। जब जितेंद्र ने अपने पैसे वापस मांगे तो ठगों ने उसका मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया।

इसके बाद पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल नंबर, बैंक खातों और ईमेल आईडी के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन किसी भी तरह के ऑफर या डिस्ट्रीब्यूटरशिप में पैसे लगाने से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button