छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में इस्पात संयंत्र में ब्लास्ट, छह मजदूरों की मौत, पांच गंभीर रूप से घायल

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के बलौदाबाजार में गुरुवार को एक इस्पात संयंत्र में बड़ा हादसा हो गया। ग्राम बकुलाही स्थित प्लांट में क्लिनिकल फर्नेस के दौरान हुए ब्लास्ट में छह मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल मजदूरों को पहले भाटापारा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बिलासपुर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बलौदाबाजार कलेक्टर दीपक सोनी और एसपी भावना गुप्ता भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि इस दुर्घटना में छह लोगों की मौत हुई है और पांच लोग घायल हैं। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
घायलों के नाम
घायलों में मोटाज अंसारी (26 वर्ष), सराफत अंसारी (32 वर्ष) और साबिर अंसारी (37 वर्ष), तीनों बढ़ई सेंटर-एमएस में कार्यरत हैं। इसके अलावा कल्पू भुइया (51 वर्ष) और रामू भुइया (34 वर्ष) हेल्पर के रूप में काम करते थे। सभी की हालत गंभीर बताई जा रही है।





