मौसम

पहलगाम से गुलमर्ग तक ठंड का कहर, जनजीवन प्रभावित

कश्मीर घाटी में भीषण ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार (14 जनवरी 2026) को श्रीनगर की प्रसिद्ध डल झील के कई हिस्से और घाटी के अन्य जलस्रोत जम गए। न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। इस समय कश्मीर घाटी ‘चिल्ला-ए-कलां’ के दौर से गुजर रही है। यह 40 दिनों की सबसे सर्द अवधि होती है, जिसमें भारी ठंड और बर्फबारी की संभावना सबसे ज्यादा रहती है। यह दौर 21 दिसंबर से शुरू होकर 30 जनवरी तक चलेगा।

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार रात (13 जनवरी) श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछली रात के मुकाबले और नीचे रहा। दक्षिण कश्मीर का शोपियां घाटी का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां तापमान माइनस 7.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

कड़ी ठंड के कारण डल झील के अंदरूनी हिस्सों समेत कई जलाशयों में बर्फ जम गई है। दक्षिण कश्मीर का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम, जो अमरनाथ यात्रा का बेस कैंप भी है, वहां न्यूनतम तापमान माइनस 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, उत्तर कश्मीर के बारामुला जिले में स्थित गुलमर्ग में रात का तापमान माइनस 3.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि मध्य कश्मीर के सोनमर्ग में पारा माइनस 2.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड के और बढ़ने की संभावना जताई है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button