भारत स्लीपर ट्रेन का किराया तय, जानिए किस क्लास में कितना चार्ज

रेलवे ने हावड़ा से गुवाहाटी (कामाख्या) के बीच चलने वाली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस के किराए को अंतिम रूप दे दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, यह प्रीमियम ट्रेन 17 जनवरी से अपनी स्लीपर सेवा के साथ शुरू होने जा रही है। इस ट्रेन में थर्ड एसी का किराया हावड़ा से कामाख्या तक 2,299 रुपये तय किया गया है।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि 958 किलोमीटर लंबे हावड़ा–कामाख्या रूट पर सेकेंड एसी का किराया 2,970 रुपये और फर्स्ट एसी का किराया 3,640 रुपये होगा।
बीच के स्टेशनों का किराया भी तय
हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी तक थर्ड एसी का किराया 1,334 रुपये और मालदा टाउन तक 960 रुपये रखा गया है। इसी रूट पर सेकेंड एसी का किराया क्रमशः 1,724 रुपये और 1,240 रुपये होगा। वहीं, फर्स्ट एसी में हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी का किराया 2,113 रुपये और मालदा टाउन तक 1,520 रुपये तय किया गया है।
कामाख्या से मालदा टाउन तक यात्रा करने पर थर्ड एसी का किराया 1,522 रुपये, सेकेंड एसी का 1,965 रुपये और फर्स्ट एसी का 2,409 रुपये होगा। वहीं, कामाख्या से न्यू जलपाईगुड़ी तक थर्ड एसी का किराया 962 रुपये, सेकेंड एसी का 1,243 रुपये और फर्स्ट एसी का 1,524 रुपये तय किया गया है। इन सभी टिकटों पर यात्रियों को 5 प्रतिशत जीएसटी भी देना होगा।
मौजूदा ट्रेनों से ज्यादा किराया
फिलहाल हावड़ा–गुवाहाटी (कामाख्या जंक्शन) रूट पर सबसे ज्यादा किराया सरायघाट एक्सप्रेस में लिया जाता है, जिसमें थर्ड एसी का किराया 1,410 रुपये, सेकेंड एसी का 1,985 रुपये और फर्स्ट एसी का 3,320 रुपये है। वंदे भारत स्लीपर को प्रीमियम सेवा के तौर पर रखा गया है, इसलिए इसका किराया ज्यादा है।
आरएसी की सुविधा नहीं होगी
रेलवे बोर्ड ने 9 जनवरी को जारी सर्कुलर में वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों के किराए की दरें तय की थीं। इसमें यह भी साफ किया गया है कि इस ट्रेन में केवल कन्फर्म टिकट ही जारी होंगे। आरएसी (Reservation Against Cancellation) की सुविधा इसमें नहीं मिलेगी। साथ ही न्यूनतम किराया 400 किलोमीटर की दूरी के बराबर रखा जाएगा।
यात्रा समय में होगी बचत
यह वंदे भारत श्रेणी की पहली स्लीपर ट्रेन होगी, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए जाने की संभावना है। यह ट्रेन मौजूदा एक्सप्रेस ट्रेनों की तुलना में करीब तीन घंटे कम समय में सफर पूरा करेगी।
यह ट्रेन पश्चिम बंगाल के सात जिलों—हावड़ा, हुगली, पूर्व बर्दवान, मुर्शिदाबाद, मालदा, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार—के 10 स्टेशनों पर रुकेगी। इसके अलावा असम के कामरूप मेट्रोपॉलिटन और बोंगाईगांव जिलों में भी इसके ठहराव होंगे।





