अमेरिका में भारतीय महिला की हत्या: पूर्व बॉयफ्रेंड अर्जुन शर्मा तमिलनाडु से गिरफ्तार

अमेरिका के मैरीलैंड राज्य में भारतीय मूल की 27 वर्षीय महिला निकिता गोडिशाला की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। इस मामले में निकिता के पूर्व बॉयफ्रेंड अर्जुन शर्मा (26) को तमिलनाडु से गिरफ्तार किया गया है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, यह गिरफ्तारी इंटरपोल की मदद से चलाए गए अंतरराष्ट्रीय तलाशी अभियान के बाद हुई।
निकिता गोडिशाला, जो एक इंडियन-अमेरिकन डेटा एनालिस्ट थीं, 3 जनवरी को मैरीलैंड के कोलंबिया स्थित अर्जुन शर्मा के अपार्टमेंट में मृत पाई गई थीं। उनके शरीर पर चाकू से किए गए कई वार के निशान थे।
पुलिस के अनुसार, 2 जनवरी को अर्जुन शर्मा ने निकिता के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि न्यू ईयर ईव पर उसकी आखिरी बार निकिता से मुलाकात हुई थी। लेकिन इसी दिन वह भारत के लिए रवाना हो गया था, जिससे उस पर शक और गहरा गया।
निकिता का शव मिलने के बाद हॉवर्ड काउंटी पुलिस ने अर्जुन शर्मा पर फर्स्ट-डिग्री और सेकेंड-डिग्री मर्डर के आरोप लगाए हैं। हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह अभी सामने नहीं आई है और जांच जारी है।
हॉवर्ड काउंटी पुलिस के प्रवक्ता सेथ हॉफमैन ने बताया कि दोनों के बीच पहले किसी तरह की पुलिस शिकायत या हिंसा की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि ब्रेकअप के बाद भी दोनों के बीच बातचीत और मुलाकात होती रहती थी, लेकिन हत्या का मकसद फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
निकिता गोडिशाला फरवरी 2025 से वेधा हेल्थ (Vheda Health) कंपनी में डेटा और स्ट्रैटेजी एनालिस्ट के रूप में काम कर रही थीं। हाल ही में उन्हें कंपनी की ओर से “ऑल-इन अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया था।
इस बीच, निकिता के परिवार ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनकी कजिन सरस्वती गोडिशाला ने दावा किया कि अर्जुन शर्मा ने निकिता और उसके परिवार से पैसे मांगे थे। आरोप है कि अर्जुन ने निकिता के बैंक अकाउंट से बिना अनुमति करीब 3,500 डॉलर का लेन-देन किया और फिर हाथ में चोट के इलाज का बहाना बनाकर भारत भाग गया।
परिवार ने भारतीय और अमेरिकी अधिकारियों से मिलकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही, उन्होंने अमेरिकी स्थित भारतीय दूतावास से न्याय दिलाने, कांसुलर सहायता देने और निकिता के पार्थिव शरीर को भारत भेजने में मदद की अपील की है।
अमेरिका में भारतीय दूतावास ने बयान जारी कर कहा है कि वह निकिता के परिवार के संपर्क में है और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है।





