न्यू ईयर पर दिल्ली में ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ सख्ती, 868 चालान

न्यू ईयर की रात दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने शहरभर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 868 ड्रिंक-ड्राइविंग के चालान काटे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने नाइटलाइफ हॉटस्पॉट्स, रिहायशी इलाकों और मुख्य सड़कों पर विशेष टीमें तैनात की थीं। कई जगहों पर ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई। वाहन चालकों को चेकिंग से बचने का मौका न मिले, इसके लिए टीमों की लोकेशन बार-बार बदली जाती रही।
न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस ने करीब 20 हजार जवानों को तैनात किया था। हौज खास, कनॉट प्लेस और इंडिया गेट जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में कड़ी निगरानी रखी गई। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई सिर्फ चालान काटने के लिए नहीं, बल्कि सड़क हादसों को रोकने के उद्देश्य से की गई, क्योंकि शराब पीकर गाड़ी चलाना अब भी शहर में हादसों की बड़ी वजह बना हुआ है।





