NM Verified: हिजाब विवाद पर जावेद अख्तर ने नहीं किया नीतीश कुमार का समर्थन

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 15 दिसंबर 2025 को एक पब्लिक इवेंट के एक वीडियो के बाद आलोचना का सामना कर रहे हैं, जिसमें उन्हें एक मुस्लिम महिला का हिजाब खींचते हुए दिखाया गया है. इसी संदर्भ में, सोशल मीडिया पर एक वीडियो सर्कुलेट हो रहा है जिसमें जाने-माने गीतकार, कवि और स्क्रीनराइटर जावेद अख्तर एक बुर्का पहनी महिला से महिलाओं के चेहरा ढकने की प्रथा के बारे में बात करते दिख रहे हैं. वीडियो में दावा किया जा रहा है कि जावेद अख्तर का कहना है कि नीतीश कुमार ने जो किया सही किया. चलिए इस दावे की पुष्टि करते हैं.

Facebook पर एक यूजर ने पोस्ट करते हुए लिखा, “नीतीश कुमार ने जो किया सही किया: जावेद अख्तर” यूजर ने वीडियो दिसंबर 17, 2025 को पोस्ट किया.
NM Verified
न्यूज़मोबाइल की जांच में हमने पाया कि यह वीडियो हालिया दिनों का नहीं है
हमने वायरल वीडियो को गौर से देखा और वायरल वीडियो के मुख्य फ्रेम की रिवर्स इमेज सर्च से हमें उसी फुटेज का एक लंबा वर्शन मिला, जिसे 29 नवंबर 2025 को SOA लिटरेरी फेस्टिवल के YouTube चैनल पर उपलोड किया गया था. इस वीडियो का टाइटल “SOA लिटरेरी फेस्टिवल- 2025 || जावेद अख्तर” है, और बताया गया है कि इसे 29 नवंबर को हुए SOA भुवनेश्वर लिटरेरी फेस्टिवल 2025 में रिकॉर्ड किया गया था.
हमने पूरा वीडियो देखा और पाया कि जावेद अख्तर ने अपने इस स्पीच में कहीं भी नीतीश कुमार का जिक्र नहीं किया है, और न ही उन्होंने किसी महिला का हिजाब खींचने के मामले को सही ठहराया है. इसके अलावा लगभग 46:00 मिनट पर बुर्का पहनी महिला का सवाल पूछने वाला वीडियो उस इवेंट का है जो बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नकाब खींचने के विवाद के सामने आने से पहले हुआ था.
हमें जावेद अख्तर का एक पोस्ट भी मिला जो उन्होंने 18 दिसंबर को अपने ऑफिशियल X, जिसे पहले ट्विटर कहा जाता था, अकाउंट पर शेयर किया था. इसमें उन्होंने नीतीश कुमार के कामों की निंदा की थी और उनसे महिला डॉक्टर से बिना शर्त माफी मांगने को कहा था.

निष्कर्ष
अंत: हमने जाना कि, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो नहीं दिखाता कि जावेद अख्तर हिजाब खींचने के विवाद के बीच के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का समर्थन कर रहे हैं.





