असम में हाथियों के झुंड से टकराई राजधानी एक्सप्रेस, इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतरे

असम के पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के लुमडिंग डिवीजन में शनिवार को एक बड़ा रेल हादसा हो गया. ट्रेन संख्या 20507 डीएन सैरांग-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस हाथियों के झुंड से टकरा गई, जिसके बाद ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए. हालांकि राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है.
आठ हाथियों का झुंड, ज्यादातर मारे गए
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह आठ हाथियों का झुंड था, जिससे ट्रेन टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि झुंड के ज्यादातर हाथी मारे गए हैं. घटना गुवाहाटी से करीब 126 किलोमीटर दूर उस स्थान पर घटी जहां हाथियों का गलियारा नहीं है.
लोको पायलट ने हाथियों के झुंड को देखते ही आपातकालीन ब्रेक लगा दिए थे, लेकिन इसके बावजूद ट्रेन हाथियों से टकरा गई और हादसा हो गया.
रेल सेवाएं प्रभावित, ट्रेनों को किया गया डायवर्ट
ट्रेन के पटरी से उतरने और पटरियों पर हाथियों के शव तथा उनके शरीर के अंगों के बिखरे होने के कारण ऊपरी असम और पूर्वोत्तर के अन्य हिस्सों के लिए रेल सेवाएं फिलहाल बंद कर दी गई हैं. इस डिवीजन से गुजरने वाली ट्रेनों को यूपी लाइन से डायवर्ट किया जा रहा है.
घटनास्थल पर रेस्क्यू ट्रेन अधिकारियों के साथ पहुंच चुकी है और पटरी की मरम्मत का काम जारी है.
यात्रियों को दूसरे डिब्बों में किया गया समायोजित
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त रेल के डिब्बों के यात्रियों को अस्थायी रूप से अन्य डिब्बों में उपलब्ध खाली बर्थों में एडजस्ट किया गया है. प्रभावित डिब्बों को अलग करने के बाद पटरी से उतरी ट्रेन गुवाहाटी के लिए रवाना हो गई है.
गुवाहाटी पहुंचने पर ट्रेन में प्रभावित डिब्बों के यात्रियों को समायोजित करने के लिए अतिरिक्त डिब्बे जोड़े जाएंगे और उसके बाद ट्रेन अपनी यात्रा फिर से शुरू करेगी.





