भारत

छठी मैया का अपमान करने वाले बिहारवासी माफ नहीं करेंगे: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान गुरुवार को मुजफ्फरपुर में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। जनसभा में भारी भीड़ देखकर उन्होंने कहा कि यह साफ संकेत है कि बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनने जा रही है।

पीएम मोदी ने कहा कि छठ महापर्व बिहार और पूरे देश का गौरव है, जिसे आज पूरी दुनिया में मनाया जाता है। उन्होंने कहा, “छठी मैया में मां की भक्ति, ममता और सामाजिक समरसता का भाव है। हमारी सरकार प्रयास कर रही है कि छठ महापर्व को यूनेस्को की विश्व विरासत सूची में शामिल कराया जाए। अगर ऐसा होता है तो यह हर बिहारवासी के लिए गर्व की बात होगी।”

कांग्रेस-राजद पर छठ महापर्व के अपमान का आरोप

पीएम मोदी ने कांग्रेस और राजद पर छठी मैया का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “एक तरफ आपका बेटा छठी मैया का जयकार दुनिया भर में कर रहा है, वहीं कांग्रेस और राजद वाले इस पवित्र पर्व का अपमान कर रहे हैं। जो माताएं 36 घंटे निर्जला व्रत रखती हैं, उन्हें ये लोग ‘ड्रामा’ कह रहे हैं। यह हर उस व्यक्ति का अपमान है जो छठी मैया में आस्था रखता है।”

‘जंगलराज’ की याद दिलाई, पूछा कई सवाल

पीएम मोदी ने कहा कि बिहार ने पहले जंगलराज देखा है, जहां “कट्टा, क्रूरता, कुशासन और करप्शन” राज करता था। उन्होंने पूछा, “जिनका इतिहास जमीन कब्जाने का रहा है, वे उद्योगों को जमीन देंगे क्या? जिन्होंने बिहार को लालटेन युग में रखा, वे बिजली देंगे क्या?” उन्होंने कहा कि आज बिहार में रेल इंजन बन रहे हैं, डेयरी उद्योग बढ़ रहा है और मखाना दुनिया में पहचान बना रहा है — ये सब एनडीए के सुशासन का नतीजा है।

राजद पर गंभीर आरोप: “गाड़ियों के शोरूम तक लूट लेते थे”

मोदी ने आरोप लगाया कि जंगलराज के दौर में राजद नेताओं के गुंडे नई गाड़ियां तक लूट लेते थे। उन्होंने कहा, “राजद के शासनकाल में करीब 40 हजार अपहरण हुए। उस दौर ने बिहार के युवाओं को बेरोजगार और पलायन करने पर मजबूर कर दिया।”

उन्होंने मुजफ्फरपुर के प्रसिद्ध “गोलू अपहरण कांड” का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं उस समय आम बात थीं।

‘राजद और कांग्रेस वाले बहन-बेटियों को धमकी दे रहे हैं’

पीएम मोदी ने कहा कि आज भी राजद और कांग्रेस के नेताओं की भाषा और गाने डराने वाले हैं। “इनके प्रचार गीतों में कट्टा, छुरा और दोनाली की बातें होती हैं। ये लोग बहन-बेटियों को उठाने की धमकियां देते हैं। ऐसे लोगों को बिहार की धरती से उखाड़ फेंकना होगा,” उन्होंने कहा।

बाबा साहेब का भी किया जिक्र

पीएम मोदी ने कहा कि राजद और कांग्रेस ने बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर का भी अपमान किया। उन्होंने बताया कि अंबेडकर की पीएचडी का विषय ‘रुपया और अर्थव्यवस्था’ था, इसलिए सरकार ने डिजिटल लेनदेन का नाम ‘भीम एप’ रखा।

राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर निशाना

प्रधानमंत्री ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को “दो युवराज” बताते हुए कहा कि एक भारत के सबसे भ्रष्ट परिवार से आता है और दूसरा बिहार के सबसे भ्रष्ट परिवार से। उन्होंने कहा, “ये दोनों ही जमानत पर हैं और अब जनता को झूठे वादों से गुमराह कर रहे हैं। उन्हें बर्दाश्त नहीं होता कि एक चाय बेचने वाला आज प्रधानमंत्री बन गया।”

‘राजद-कांग्रेस का रिश्ता अब तेल और पानी जैसा’

मोदी ने दावा किया कि राजद और कांग्रेस के बीच अब मतभेद चरम पर हैं। “इनका रिश्ता अब तेल और पानी की तरह हो गया है। सत्ता का लालच ही इन्हें एक साथ लाया है,” उन्होंने कहा। पीएम ने दावा किया कि सभी सर्वेक्षणों में इस बार एनडीए की भारी जीत और राजद-कांग्रेस की ऐतिहासिक हार दिख रही है।

छपरा में भी होगी पीएम मोदी की रैली

मुजफ्फरपुर में सभा के बाद प्रधानमंत्री मोदी छपरा में भी चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। वे तिरहुत और सारण प्रमंडल के कुल 58 विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं को संबोधित करने जा रहे हैं।

अमित शाह और जे.पी. नड्डा भी संभालेंगे मोर्चा

पीएम मोदी के अलावा गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा भी बिहार में एनडीए प्रत्याशियों के लिए जनसभाएं कर रहे हैं। अमित शाह लखीसराय, तारापुर, हिलसा और पालीगंज में रैलियां करेंगे, जबकि जे.पी. नड्डा बेगूसराय और नालंदा में सभा को संबोधित करेंगे।

 

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button