भारत

देश के अलग-अलग हिस्सों में धूमधाम से मनाई गई छठ, पीएम मोदी ने ट्वीट कर दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली: आस्था का महापर्व छठ देशभर में धूमधाम से मनाया गया. दिल्ली से लेकर बिहार तक घाटों पर खूब रौनक देखी गई. लोगों ने पूरे श्रद्धा भाव से मंगलवार सुबह उगते सूर्य को ‘उषा अर्घ्य’ दिया. इस पर्व पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लिखा, ‘भगवान सूर्यदेव को प्रात:कालीन अर्घ्य के साथ आज महापर्व छठ का शुभ समापन हुआ. चार दिवसीय इस अनुष्ठान के दौरान छठ पूजा की हमारी भव्य परंपरा के दिव्य दर्शन हुए. समस्त व्रतियों और श्रद्धालुओं सहित पावन पर्व का हिस्सा बने अपने सभी परिवारजनों का हृदय से अभिनंदन! छठी मइया की असीम कृपा से आप सभी का जीवन सदैव आलोकित रहे.’

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने छठ पूजा के अंतिम दिन पटना स्थित अपने आवास पर उगते सूर्य को ‘उषा अर्घ्य’ अर्पित किया.

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने अपने परिवार के साथ छठ पर्व धूमधाम से मनाया. इस दौरान चिराग ने छठ पूजा की महत्वता बताई. उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हर बिहारी पूरे उत्साह के साथ, पूरे परिवार के साथ मिलकर मनाता है.

बिहार के जहानाबाद में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर छठव्रतियों ने उदयीमान सूर्य को अर्घ्य दिया. छठ पर्व को लेकर पूरा शहर भक्ति में नजर आया. हर ओर छठी मइया के गीत गुंजयमान रहे. जिले के विभिन्न घाटों पर पहुंचकर भगवान भास्कर को अर्पित करने के लिए छठव्रतियों की भारी भीड़ उमड़ी.

छठ व्रतियों ने अपनी मनोकामना पूरा होने पर कई पुरानी परंपराओं का भी पालन किया. संगम घाट की छठ की छटा देखते ही बन रही थी. भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के लिए शहर के दरधा यमुने संगम तट पर जनसैलाब उमड़ पड़ा. संगम तट के दोनों ओर घाटों पर छठव्रतियों के साथ-साथ श्रद्धालुओं ने परंपरा के अनुसार अर्घ्य देकर भगवान भास्कर को नमन किया.

छठ व्रतियों की सुविधा के लिए दरधा-जमुना संगम तट समेत यूपी के गोरखपुर और वाराणसी में भी पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए थे. जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन कैमरे से निगरानी रखी गई. साथ ही एसडीआरएफ की टीम को भी लगाया गया था.

किशनगंज में बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जयसवाल ने छठ पूजा के आखिरी दिन उगते सूर्य को ‘उषा अर्घ्य’ दिया. पूजा के बाद उन्होंने कहा कि यह आस्था का महापर्व है. हमने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया. आज मुझे किशनगंज में छठ पूजा मनाने का अवसर मिला. मैं छठी मैया से लोगों के बीच सद्भाव, आपसी प्रेम और सभी के स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन की प्रार्थना करता हूं.

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में भी श्रद्धालुओं ने छठ पूजा के आखिरी दिन घाटों पर उगते सूर्य को ‘उषा अर्घ्य’ दिया. इस दौरान घाटों की रौनक देखते ही बन रही थी. सोलह श्रृंगार कर महिलाओं ने अपनी पूजा संपन्न की.

देश भर में छठ महापर्व की धूम देखने को मिली. उगते सूर्य को अर्घ्य दे रहे श्रद्धालु पूरी तरह आस्था में डूबे दिखे. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उगते सूर्य को अर्घ्य दिया. इइसके बाद उन्होंने कहा कि छठी मैया का आर्शीवाद सभी भारतवासियों और दिल्ली पर बना रहे और हर वर्ष ऐसे ही भव्यता के साथ में हम छठी मैया की पूजा आर्चना कर पाए.

बिहार के अररिया में JDU राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने छठ पूजा अनुष्ठान में हिस्सा लिया. उन्होंने अपने परिवार के साथ उगते सूर्य को अर्घ्य दिया. इसके साथ ही उन्होंने छठ पूजा मना रहे लोगों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं दीं.

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button