ताज़ा खबरेंभारत

बिहार चुनाव 2025: बाहुबलियों की ‘मनी पावर’ की जंग, 100 करोड़ की संपत्ति वाले उम्मीदवारों से लेकर एजुकेशन लोन लेने वाली वारिस तक

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का बिगुल बज चुका है और इस बार चर्चा सिर्फ राजनीतिक रणनीतियों या गठबंधनों की नहीं, बल्कि उम्मीदवारों की दौलत की भी है. जनता अब यह जानने में दिलचस्पी दिखा रही है कि जिन नेताओं को वे वोट देने जा रहे हैं, उनकी तिजोरी कितनी भरी हुई है.

अनंत सिंह और नीलम देवी बने बिहार के सबसे अमीर जोड़े

मोकामा सीट से जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी इस बार सबसे अमीर उम्मीदवारों की सूची में सबसे ऊपर हैं. दोनों की संयुक्त संपत्ति ₹100 करोड़ से अधिक है.

  • अनंत सिंह के पास ₹37.88 करोड़ की संपत्ति है, जिसमें कई लग्जरी कारें शामिल हैं.
  • उनकी पत्नी नीलम देवी उनसे भी ज्यादा अमीर हैं, जिनके पास ₹62.72 करोड़ की संपत्ति दर्ज है.
    उनकी संपत्ति में ₹3.23 करोड़ की तीन एसयूवी, लाखों के सोने के जेवर और ₹49.65 करोड़ की अचल संपत्ति शामिल है. इस वजह से उन्हें बिहार का सबसे धनी राजनीतिक परिवार कहा जा रहा है.

RJD की वीणा देवी ने दी सीधी चुनौती

मोकामा की हाई-प्रोफाइल सीट पर अनंत सिंह का मुकाबला RJD की वीणा देवी से है, जो पूर्व सांसद सूरजभान सिं की पत्नी हैं.

  • वीणा देवी के पास पटना के डाकबंगला चौक पर ₹6.95 करोड़ के दो फ्लैट हैं.
  • सोने के प्रति उनके शौक का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि उनके पास ₹1.5 करोड़ से अधिक के जेवरात हैं.
    उनकी कुल संपत्ति ₹7 करोड़ से अधिक है, जो यह साबित करती है कि बिहार में राजनीति में धनबल और बाहुबल का गठजोड़ अभी भी मजबूत है.

बाहुबली सुनील पांडे के बेटे की एंट्री

तरारी सीट से चुनाव मैदान में उतरे विशाल प्रशांत, बाहुबली नेता सुनील पांडे के बेटे हैं.

  • विशाल प्रशांत और उनकी पत्नी ऐश्वर्या राज की संयुक्त संपत्ति ₹4 करोड़ से अधिक है.
  • ऐश्वर्या राज के पास करीब तीन किलो सोना और हीरे हैं, जो उन्हें बिहार की अमीर युवा उम्मीदवारों की कतार में लाता है.

शहाबुद्दीन और आनंद मोहन के बेटे भी दौड़ में

सीवान के दिवंगत बाहुबली नेता मोहम्मद शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब (RJD) और आनंद मोहन के बेटे चेतन आनंद (JDU) भी इस चुनाव में अपनी संपत्ति को लेकर चर्चा में हैं.

  • ओसामा शहाब और उनकी पत्नी के पास ₹5 करोड़ से अधिक की संपत्ति है, जिसमें ₹35 लाख की लक्जरी कार और ₹1.45 करोड़ की अचल संपत्ति शामिल है.
  • चेतन आनंद की कुल चल संपत्ति ₹96.89 लाख है, जबकि उनकी पत्नी के पास ₹67.60 लाख की संपत्ति है.
  • चेतन आनंद के नाम पर ₹50 लाख की जमीन भी दर्ज है.

मुन्ना शुक्ला की बेटी शिवानी शुक्ला बनीं मिसाल

जहां एक ओर अरबों की संपत्ति वाले उम्मीदवार मैदान में हैं, वहीं लालगंज सीट से RJD प्रत्याशी शिवानी शुक्ला, बाहुबली मुन्ना शुक्ला की बेटी, ने एक अलग उदाहरण पेश किया है.

  • लंदन से LLM (मास्टर्स ऑफ लॉ) करने वाली शिवानी के पास केवल ₹21.28 लाख की चल संपत्ति है.
  • उन्होंने ₹36.57 लाख का शैक्षणिक कर्ज (Education Loan) घोषित किया है.
    उनकी यह पारदर्शिता दिखाती है कि बिहार की नई राजनीतिक पीढ़ी अब योग्यता, संघर्ष और पारदर्शिता को प्राथमिकता दे रही है.

नोट: यह सभी आंकड़े मीडिया द्वारा उठाए गए आंकड़ें हैं. न्यूजमोबाइल की टीम इसकी पुष्टि नहीं करती

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button