पटना में महागठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले सियासी घमासान: पप्पू यादव बोले – “राहुल गांधी के बिना वोट नहीं पड़ेंगे”

पटना | बिहार की राजनीति में एक बार फिर पोस्टरों की राजनीति ने माहौल गरमा दिया है. महागठबंधन की पटना में होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले ही बवाल मच गया है. वजह — मंच पर सिर्फ तेजस्वी यादव की तस्वीर का होना. इसी को लेकर पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने खुलकर नाराज़गी जताई है.
पप्पू यादव ने कहा कि अगर महागठबंधन में राहुल गांधी की तस्वीर नहीं होगी, तो इसका कोई औचित्य नहीं है. उन्होंने कहा, “राहुल गांधी की तस्वीर पर ही वोट पड़ने वाले हैं, किसी और चेहरे पर नहीं. राहुल गांधी का चेहरा सिंगल चेहरा होना चाहिए.”
उन्होंने साफ कहा कि गठबंधन के मंच पर हर दल का प्रतिनिधित्व दिखना चाहिए. “महागठबंधन में जितने भी दल हैं, सबका चेहरा होना चाहिए. सिर्फ तेजस्वी यादव की तस्वीर लगाना सही नहीं है, इससे गलत संदेश जाएगा.”
तेजस्वी पर बढ़ी अंदरूनी खींचतान
राजनीतिक गलियारों में इस बात के संकेत माने जा रहे हैं कि महागठबंधन के भीतर अब तेजस्वी यादव को चेहरा बनाने पर सहमति बन चुकी है. हालांकि कांग्रेस या वाम दलों की तरफ से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन मंच पर लगी तस्वीरें बहुत कुछ बयान कर रही हैं.
“नीतीश ही मूल्यों की राजनीति करते हैं”
पप्पू यादव ने अपने बयान में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भी तारीफ की. उन्होंने कहा, “ये बिहार है, यहां राजनीति सिद्धांत से नहीं, मूल्यों से चलती है. और आज मूल्यों की राजनीति करने वाला एक ही व्यक्ति है — नीतीश कुमार.”
उन्होंने आगे कहा कि लालू प्रसाद यादव से मुलाकात का कोई खास मतलब नहीं है, क्योंकि राज्य की राजनीति अब नए समीकरणों की ओर बढ़ रही है.
“राहुल गांधी ही हैं विकल्प”
पप्पू यादव ने कांग्रेस को “सर्वश्रेष्ठ और सर्वोत्तम पार्टी” बताया और कहा कि नरेंद्र मोदी के मुकाबले अगर कोई चेहरा जनता के बीच स्वीकार्य है, तो वो केवल राहुल गांधी हैं.
“नरेंद्र मोदी के सामने अगर कोई वोट मिलेगा, तो वो राहुल गांधी के नाम पर मिलेगा. उनके बिना बिहार में जीत संभव नहीं है.”
If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here





