एशिया कप 2025: भारत ने रचा इतिहास, लेकिन फाइनल के बाद ट्रॉफी समारोह में मचा बवाल

दुबई में खेले गए एशिया कप 2025 फाइनल में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर एक बार फिर इतिहास रच दिया. इस जीत के साथ भारत ने 9वीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया. जीत के हीरो रहे युवा बल्लेबाज़ तिलक वर्मा, जिन्होंने 53 गेंदों पर नाबाद 69 रन ठोककर टीम को विजयी मंज़िल तक पहुंचाया. तिलक की इस पारी में 3 चौके और 4 छक्के शामिल थे, जिसने स्टेडियम में मौजूद फैन्स का दिल जीत लिया.
जीत के बाद हुआ विवाद
जहां एक ओर टीम इंडिया की जीत पर देशभर में जश्न मनाया गया, वहीं दूसरी ओर मैच के बाद का एक वाकया क्रिकेट इतिहास में अनोखा और विवादित बन गया. हुआ यूं कि प्रेजेंटेशन सेरेमनी के दौरान भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव और टीम इंडिया ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से साफ इनकार कर दिया.
स्टेज पर एक घंटे का ड्रामा
मैच खत्म होते ही ट्रॉफी सेरेमनी की तैयारियां हो गईं, लेकिन भारतीय खिलाड़ी मंच पर नहीं पहुंचे. नकवी मंच पर करीब आधे घंटे तक खड़े रहे, जबकि दोनों टीमें और दर्शक इंतजार करते रहे. अंत में प्रेजेंटर साइमन डूल ने घोषणा की कि भारतीय टीम अवॉर्ड्स और ट्रॉफी लेने के लिए मंच पर नहीं आएगी, जिसके बाद कार्यक्रम को अचानक खत्म कर दिया गया.
नकवी का अपमान और भारतीय टीम का रुख
भारतीय खिलाड़ियों के इनकार के बाद नकवी नाराज़ दिखे और ट्रॉफी लेकर सीधे मैदान से बाहर चले गए. यह घटना क्रिकेट इतिहास में शायद पहली बार हुई जब विजेता टीम ने सार्वजनिक रूप से ट्रॉफी लेने से मना किया. इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने बिना ट्रॉफी के ही टीम फोटो खिंचवाई, जो फैन्स के लिए भी चौंकाने वाली तस्वीर थी.
आगे क्या होगा?
सूत्रों के मुताबिक, एशिया कप की ट्रॉफी भारत को बाद में औपचारिक तौर पर सौंपी जाएगी. हालांकि यह अभी तय नहीं है कि कब और किसके हाथों टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव को ट्रॉफी मिलेगी.
बीसीसीआई का विरोध
बीसीसीआई ने इस पूरे विवाद पर गंभीर आपत्ति जताई है. खबर है कि आने वाली ICC बैठक में भारतीय बोर्ड, मोहसिन नकवी के खिलाफ आधिकारिक शिकायत दर्ज कराएगा.
If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here





