भारत

पीएम मोदी का देशवासियों को पत्र: ‘जीएसटी बचत उत्सव’ से हर वर्ग को मिलेगा लाभ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘जीएसटी बचत उत्सव’ के अवसर पर देशवासियों को एक खुला पत्र लिखा है। पीएम मोदी ने अपने पत्र में कहा कि इस वर्ष त्योहारों के मौसम में देश को एक नया तोहफ़ा मिला है। 22 सितंबर से लागू हुए नए जीएसटी सुधारों के साथ पूरे देश में ‘जीएसटी बचत उत्सव’ की शुरुआत हो गई है।

पीएम मोदी ने बताया कि इन नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी रिफॉर्म्स से किसानों, महिलाओं, युवाओं, गरीबों, मध्यम वर्ग, व्यापारियों, लघु और कुटीर उद्योगों सहित सभी वर्गों को सीधा फायदा होगा। उन्होंने कहा कि अब मुख्य रूप से सिर्फ दो टैक्स दरें रहेंगी। रोज़मर्रा की ज़रूरी चीजें जैसे खाना, दवाइयां, साबुन, टूथपेस्ट और अन्य सामान अब 5% या जीरो टैक्स दर पर उपलब्ध होंगे। इसके अलावा घर और परिवार से जुड़ी ज़्यादातर सेवाओं पर भी टैक्स दरें कम कर दी गई हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि इंश्योरेंस से लेकर घर के सामान तक सब सस्ता हो गया है और आने वाले समय में यह प्रक्रिया और आसान होगी। उन्होंने यह भी बताया कि कई दुकानदारों ने ‘पहले और अब’ के बोर्ड लगाकर लोगों को नए दामों की जानकारी देनी शुरू कर दी है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 2017 में शुरू हुई जीएसटी यात्रा अब और सरल होती जा रही है। सिस्टम को आसान बनाने से दुकानदारों और लघु उद्योगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि पिछले 11 वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और एक मजबूत मध्यम वर्ग तैयार हुआ है। मध्यम वर्ग को सशक्त बनाने के लिए अब तक 12 लाख करोड़ रुपये से अधिक की आयकर छूट दी जा चुकी है। नए जीएसटी सुधारों से देशवासियों को सालाना लगभग 2.5 लाख करोड़ रुपये की बचत होगी।

पीएम मोदी ने देशवासियों से स्वदेशी अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सिद्ध करने के लिए स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देना बेहद ज़रूरी है। उन्होंने व्यापारियों और दुकानदारों से भी आग्रह किया कि वे गर्व से स्वदेशी सामान बेचें।

अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने नवरात्रि के साथ ही ‘जीएसटी बचत उत्सव’ की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह अभियान देशवासियों की बचत बढ़ाने और उनके सपनों को पूरा करने में मदद करेगा।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button