विदेश

अफगानिस्तान में विनाशकारी भूकंप, मृतकों की संख्या 900 के पार

अफगानिस्तान के पूर्वी इलाकों में आए विनाशकारी भूकंप से तबाही का आलम बढ़ता जा रहा है। ताजा जानकारी के अनुसार, इस हादसे में अब तक 900 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 3,000 लोग घायल हैं। राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है, लेकिन कई दूरदराज के इलाकों तक पहुंचने में अभी भी मुश्किलें बरकरार हैं।

यह भीषण भूकंप रविवार देर रात आया था। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के मुताबिक, इसकी तीव्रता 6.0 मापी गई। भूकंप का केंद्र पहाड़ी क्षेत्र में था, जिसके कारण कई गांव पूरी तरह तबाह हो गए। मिट्टी और पत्थर से बने घर जमींदोज हो गए, जिससे सैकड़ों लोग मलबे के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि झटके इतने तेज थे कि कई जगह जमीन फट गई और पानी के स्रोत सूख गए।

अफगानिस्तान के राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रवक्ता यूसुफ हम्माद ने कहा, “घायलों को लगातार मलबे से निकाला जा रहा है। हमारे पास जो आंकड़े हैं, वे अस्थायी हैं। मौत और घायलों की संख्या और बढ़ सकती है।”

भूकंप के बाद कई इलाकों में भूस्खलन हुआ, जिससे मुख्य सड़कें बंद हो गईं। राहत टीमों ने बड़ी मशक्कत के बाद कुछ सड़कों को फिर से खोल दिया है, जबकि अन्य मार्गों को भी जल्द से जल्द खोलने का काम जारी है। प्रभावित इलाकों में भोजन, पानी और दवाइयों की गंभीर कमी है। अफगान सरकार ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मदद की अपील की है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button