विदेश

ट्रम्प पूरी तरह स्वस्थ, लेकिन ज़रूरत पड़ी तो तैयार हूं: उपराष्ट्रपति जे.डी. वांस

अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे.डी. वांस ने कहा है कि अगर किसी “भयावह घटना” के कारण उन्हें राष्ट्रपति की जिम्मेदारी संभालनी पड़ी, तो वे पूरी तरह तैयार हैं। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अच्छी सेहत में हैं और अपना कार्यकाल पूरा करेंगे यूएसए टुडे से गुरुवार को बातचीत में वांस ने ट्रम्प की सेहत को लेकर चल रही अटकलों को खारिज किया। हाल ही में सार्वजनिक कार्यक्रमों में ट्रम्प के हाथ पर चोट का निशान दिखने के बाद उनकी सेहत को लेकर सवाल उठे थे।

41 वर्षीय वाइस प्रेसिडेंट वांस ने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि राष्ट्रपति स्वस्थ हैं और अपना कार्यकाल शानदार तरीके से पूरा करेंगे। अगर, भगवान न करे, कोई बड़ा हादसा हो जाए, तो पिछले 200 दिनों में मिला अनुभव मेरे लिए सबसे अच्छा ट्रेनिंग रहा है।” ट्रम्प के हाथ पर चोट का निशान पहली बार जुलाई में देखा गया था और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग के साथ मुलाकात के दौरान यह फिर दिखाई दिया। व्हाइट हाउस ने इसे लेकर चिंता को खारिज करते हुए कहा कि यह “बार-बार और जोर से हाथ मिलाने और एस्पिरिन के इस्तेमाल” की वजह से हुआ है।


व्हाइट हाउस प्रेस सेक्रेटरी कैरोलीन लीविट ने बयान में कहा, “राष्ट्रपति ट्रम्प लोगों के नेता हैं। वे हर दिन हजारों अमेरिकियों से मिलते हैं और हाथ मिलाते हैं। उनकी प्रतिबद्धता अटूट है और वे इसे हर रोज साबित करते हैं।” जुलाई में व्हाइट हाउस के डॉक्टर सीन बारबाबेला ने बताया था कि ट्रम्प को क्रॉनिक वेनस इनसफिशिएंसी नाम की स्थिति है, जो 70 साल से अधिक उम्र के लोगों में आम और सामान्य समस्या होती है। यह जानकारी तब सामने आई थी जब उनके पैरों की सूजन की तस्वीरें वायरल हुई थीं।

सरकार और उपराष्ट्रपति दोनों का कहना है कि राष्ट्रपति ट्रम्प पूरी तरह फिट हैं और अपनी जिम्मेदारियां निभाने में सक्षम हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button