गढ़चिरौली में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, चार ढेर

पूर्वी महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में बुधवार को हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने चार नक्सलियों को मार गिराया, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं। यह एनकाउंटर गढ़चिरौली और छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले की सीमा पर हुआ। गढ़चिरौली पुलिस के मुताबिक, 25 अगस्त को सूचना मिली थी कि गट्टा दलम की कंपनी नंबर 10 और गढ़चिरौली डिवीजन से जुड़े अन्य माओवादी संगठन कोपरशी वन क्षेत्र में छिपे हुए हैं। इसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
तलाशी अभियान के लिए गढ़चिरौली पुलिस की एंटी नक्सल कमांडो फोर्स सी-60 की 19 टुकड़ियां और सीआरपीएफ की क्विक एक्शन टीम की दो यूनिट तैनात की गईं। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओएरेटिजन्स एम. रमेश के नेतृत्व में टीम बुधवार सुबह जंगल में पहुंची।
तलाशी के दौरान नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से करीब आठ घंटे तक रुक-रुक कर मुठभेड़ चलती रही। घटना के बाद तीन महिला और एक पुरुष नक्सली के शव बरामद किए गए। मौके से एक एसएलआर राइफल, दो इंसास राइफल और एक .303 राइफल भी मिली अधिकारियों का कहना है कि इलाके में बाकी नक्सलियों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन अभी जारी है।





