विदेश

सीमा विवाद और टैरिफ तनाव के बीच पीएम मोदी का चीन दौरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अगस्त से 1 सितंबर 2025 तक जापान और चीन की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। यह दौरा ऐसे समय पर हो रहा है जब अमेरिका और अन्य देशों के बीच टैरिफ वॉर को लेकर तनाव बढ़ा हुआ है। विदेश मंत्रालय ने प्रधानमंत्री के इस दौरे का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है।

दौरे के पहले चरण में पीएम मोदी जापान जाएंगे। जापान के प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा के निमंत्रण पर वे 29 और 30 अगस्त को टोक्यो में होने वाले 15वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इसके बाद मोदी 31 अगस्त से 1 सितंबर तक चीन की यात्रा करेंगे, जहां वे तियानजिन में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। चीन का यह दौरा राष्ट्रपति शी जिनपिंग के आमंत्रण पर होगा।

तियानजिन में होने वाला एससीओ शिखर सम्मेलन भारत-चीन संबंधों के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चीनी राजदूत शू फेइहोंग ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा से दोनों देशों के रिश्तों में सुधार और विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि भारत और चीन की ओर से एक संयुक्त कार्यदल इस यात्रा को सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुटा है।

इससे पहले, चीनी विदेश मंत्री वांग यी भारत के दो दिन के दौरे पर आए थे। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात कर राष्ट्रपति शी जिनपिंग का संदेश और आमंत्रण सौंपा था। मुलाकात के दौरान प्रधानमंत्री ने सीमा पर शांति और स्थिरता बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। मोदी ने कहा कि सीमा विवाद का समाधान निष्पक्ष, उचित और पारस्परिक रूप से स्वीकार्य होना चाहिए।

 

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button