विदेश

भारत की रूस से सस्ते तेल की खरीद जारी, 5% तक की छूट संभव

रूस ने बुधवार को साफ किया कि वह भारत को कच्चे तेल की आपूर्ति पहले की तरह जारी रखेगा। रूस की ओर से कहा गया है कि भारत को इस तेल पर 5 प्रतिशत तक की छूट भी दी जा सकती है। दिल्ली में रूस के उप व्यापार प्रतिनिधि एवगेनिव ग्रिवा ने बताया कि यह छूट कारोबारी बातचीत पर निर्भर करेगी। उन्होंने कहा, “भारत ने पहले भी रूस से सस्ता तेल खरीदा है और आगे भी खरीदता रहेगा। छूट की बात एक व्यापारिक समझ का हिस्सा है, लेकिन अनुमान है कि यह 5% तक हो सकती है।”

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में एक आदेश जारी करते हुए भारत से आने वाले उत्पादों पर 25 प्रतिशत का अतिरिक्त टैरिफ लगा दिया है। यह टैरिफ खासतौर पर रूस से कच्चा तेल खरीदने के चलते लगाया गया है। अब अमेरिका द्वारा भारत पर कुल टैरिफ 50 प्रतिशत तक पहुंच गया है। ट्रंप का आरोप है कि भारत रूस से तेल खरीदकर यूक्रेन युद्ध में अप्रत्यक्ष रूप से रूस को फंड कर रहा है। हालांकि भारत ने इस आरोप को खारिज किया है और कहा है कि वह केवल सस्ती कीमत की वजह से रूस से तेल खरीदता है, और यह फैसला राष्ट्रीय हित को ध्यान में रखते हुए किया गया है।

रूस के उप राजदूत रोमन बाबुश्किन ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अमेरिका की ओर से भारत पर दबाव डालना अनुचित है। बाबुश्किन ने भरोसा जताया कि सभी राजनीतिक हालात के बावजूद भारत और रूस के बीच ऊर्जा सहयोग जारी रहेगा। उन्होंने कहा, “यह भारत के लिए एक चुनौतीपूर्ण स्थिति है, लेकिन रूस को भारत के साथ अपने रिश्तों पर पूरा भरोसा है।”

बाबुश्किन ने यह भी कहा कि रूस पर लगे पश्चिमी देशों के प्रतिबंध उन्हीं देशों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। मौजूदा वैश्विक हालात में उन्होंने BRICS देशों को एक स्थिर ताकत बताया और कहा कि इसकी भूमिका आने वाले समय में और बढ़ेगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button