मनोरंजन

‘बागी 4’ का पहला गाना ‘गुजारा’ रिलीज, टाइगर श्रॉफ और हरनाज संधू की रोमांटिक केमिस्ट्री छाई

टाइगर श्रॉफ की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बागी 4’ का पहला गाना ‘गुजारा’ सोमवार को रिलीज हो गया। इस गाने में टाइगर श्रॉफ मिस यूनिवर्स हरनाज कौर संधू के साथ रोमांस करते नजर आ रहे हैं। गाने में दोनों की जोड़ी को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। ‘गुजारा’ पंजाबी सिंगर सरताज के लोकप्रिय गाने ‘तेरे बिना ना गुजारा’ का रीमेक है। इसे गायक जोश ब्रार ने अपनी आवाज में दोबारा पेश किया है। खास बात यह है कि इस बार गाने के बोल पंजाबी के बजाय हिंदी में हैं। वीडियो में टाइगर और हरनाज की रोमांटिक केमिस्ट्री आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

हाल ही में रिलीज हुए ‘बागी 4’ के टीज़र में जबरदस्त एक्शन सीक्वेंसेज़ दिखाए गए थे, जिसे देखकर दर्शकों को ‘एनिमल’ और ‘मार्को’ जैसी फिल्मों की झलक महसूस हुई। वहीं, फिल्म के पहले गाने के जरिए इसमें रोमांस का तड़का भी जुड़ गया है। फिल्म में टाइगर श्रॉफ के साथ संजय दत्त, हरनाज कौर संधू और सोनम बाजवा अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इस एक्शन-ड्रामा का निर्देशन ए. हर्षा ने किया है। ‘बागी 4’ 5 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

साजिद नाडियाडवाला के प्रोडक्शन तले बनी ‘बागी’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत 2016 में हुई थी। पहले पार्ट में टाइगर श्रॉफ और श्रद्धा कपूर की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया। इसके बाद 2018 में ‘बागी 2’ आई, जिसमें दिशा पाटनी नज़र आईं। फिर 2020 में रिलीज हुई ‘बागी 3’ में श्रद्धा कपूर ने एक बार फिर लीड रोल निभाया। अब इस फ्रेंचाइजी की चौथी किस्त ‘बागी 4’ में हरनाज संधू और सोनम बाजवा नई जोड़ियों के रूप में दिखाई देंगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button