मनोरंजन

इस बार फैसला आसान नहीं – Jolly LLB 3 का टीज़र मचाएगा कोर्ट में बवाल

अक्षय कुमार और अरशद वारसी की जोड़ी एक बार फिर साथ आने वाली है और इस बार अदालत में जबरदस्त टक्कर देखने को मिलेगी। बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जॉली एलएलबी 3’ को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है। फिल्म में अक्षय कुमार ‘जॉली 2’ यानी जगदीश मिश्रा और अरशद वारसी ‘जॉली 1’ यानी जगदीश त्यागी के रोल में नजर आएंगे। 7 अगस्त को फिल्म के मेकर्स ने एक मजेदार वीडियो जारी कर ऐलान किया कि फिल्म का टीज़र 12 अगस्त 2025 को रिलीज किया जाएगा। इस वीडियो में मशहूर अभिनेता सौरभ शुक्ला एक बार फिर जज त्रिपाठी के किरदार में नजर आए और दोनों जॉली को फिर से दर्शकों के सामने पेश किया।

वीडियो में जज त्रिपाठी अपना आपा खोते नजर आते हैं और दर्शकों से कहते हैं कि उन्हें जज ना करें। वो कहते हैं कि उनकी जिंदगी तब बेहतर थी जब जॉली 1, यानी जगदीश त्यागी (अरशद वारसी) उनकी जिंदगी में नहीं आया था। वह गुस्सैल था, अंग्रेजी नहीं जानता था और उसके चलते त्रिपाठी की नींद और चैन सब खत्म हो गया था। इसके बाद वह जॉली 2, यानी जगदीश मिश्रा (अक्षय कुमार) की बात करते हैं और कहते हैं कि वह चापलूस किस्म का इंसान है। वह मजाक में कहते हैं कि ‘मिश्रा लोग मीठे होते हैं, पर शुगर दे जाते हैं’, और जगदीश मिश्रा ने तो उनकी पत्नी को हार्ट अटैक ही दिला दिया।

वीडियो के अंत में त्रिपाठी कहते हैं कि वह अब इन दोनों को एकसाथ नहीं झेल सकते, लेकिन दोनों फिर भी वापस आ रहे हैं — ‘जॉली एलएलबी 3’ में। इससे पहले पिंकविला को दिए एक इंटरव्यू में अक्षय कुमार ने कहा था कि वह इस फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित हैं और अरशद वारसी के साथ काम करना उन्हें पसंद है। उन्होंने कहा, “मैं और अरशद साथ में आ रहे हैं, यानी जॉली 1 और जॉली 2 की टक्कर होगी।”

जब उनसे फिल्म की कहानी के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने ज्यादा जानकारी तो नहीं दी, लेकिन बताया कि जैसे पहली फिल्म एक हिट एंड रन केस और दूसरी एक मर्डर केस पर आधारित थी, वैसे ही तीसरी फिल्म भी एक सच्ची घटना पर आधारित होगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button