छेड़छाड़ कर भागा था आदिल, एनकाउंटर के बाद अस्पताल में पड़ा-पड़ा मांग रहा माफी!

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में बुर्का पहनी महिला से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान आदिल सैफी के रूप में हुई है, जो एक निजी अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के तौर पर कार्यरत है। पुलिस कार्रवाई में आदिल के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आदिल का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह अस्पताल के बेड पर लेटे-लेटे कान पकड़कर माफी मांगता नजर आ रहा है। वीडियो में वह कहता है, “माफ कर दो, अब कभी गलती नहीं करूंगा।” पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 12 बजे चेकिंग के दौरान जब आदिल बाइक पर सवार होकर आया तो उसे रुकने का इशारा किया गया। लेकिन उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लग गई और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस को आरोपी के पास से एक बिना नंबर प्लेट की बाइक, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आदिल न केवल छेड़छाड़ जैसी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त था, बल्कि उसके पास से मिले हथियार यह भी दर्शाते हैं कि उसकी मंशा गंभीर थी।
घटना 3 अगस्त की बताई जा रही है, जब एक महिला बाजार से सामान लेकर घर लौट रही थी। उसी दौरान कोठी वाली गली में आदिल ने महिला को पीछे से आकर दबोच लिया। महिला के चिल्लाने पर वह मौके से फरार हो गया। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी, जिसमें आदिल का चेहरा साफ नजर आ रहा था। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान की और महज 24 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल, पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।





