प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति से की मुलाकात, मुलाकात के कारण पर सस्पेंस बरकरार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राष्ट्रपति भवन पहुंचकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। यह शिष्टाचार भेंट कितनी अहम थी, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा रहा है कि राष्ट्रपति भवन ने भी इस मुलाकात की जानकारी खुद एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा की, हालांकि अब तक इस बैठक की वजह सामने नहीं आई है। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी बयान में कहा गया, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भेंट की।”
Prime Minister Shri @narendramodi called on President Droupadi Murmu at Rashtrapati Bhavan. pic.twitter.com/i6NdTtSDD9
— President of India (@rashtrapatibhvn) August 3, 2025
यह मुलाकात ऐसे वक्त में हुई है, जब संसद का मानसून सत्र खासा हंगामेदार चल रहा है। विपक्ष बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर सरकार को घेर रहा है। इसके अलावा, उपराष्ट्रपति चुनाव की अधिसूचना भी जारी हो चुकी है और इस मुद्दे पर भी सियासी बयानबाज़ी तेज़ है। इस बीच, संसद में ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा और अन्य मुद्दों के कारण दोनों सदनों का कामकाज लगातार बाधित हो रहा है।
उधर, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत को लेकर माहौल गर्म है। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने और रूस से तेल व सैन्य उपकरण खरीदने के चलते पेनल्टी लगाने की बात कही है। ऐसे में प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के बीच यह मुलाकात रणनीतिक या राजनीतिक स्तर पर महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हालांकि, सरकार की ओर से इस मुलाकात का कोई आधिकारिक एजेंडा या विवरण जारी नहीं किया गया है।





