चीन यात्रा में दिलचस्पी नहीं, जब तक आधिकारिक निमंत्रण न हो: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि फिलहाल उनकी चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मिलने की कोई योजना नहीं है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अगर आधिकारिक तौर पर आमंत्रण मिला, तो वह चीन दौरे के लिए तैयार हैं। ट्रंप ने यह बात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट के जरिए कही। उन्होंने लिखा, “मैं शायद चीन जाऊं, लेकिन सिर्फ तभी जब राष्ट्रपति शी जिनपिंग का आधिकारिक न्योता होगा, जो पहले ही दिया जा चुका है। इसके अलावा मुझे कोई दिलचस्पी नहीं है।”
ट्रंप इससे पहले पिछले महीने भी ऐसा ही बयान दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि “राष्ट्रपति शी ने फर्स्ट लेडी और मुझे चीन आने का विनम्र निमंत्रण दिया, और मैंने भी उनका सम्मान करते हुए जवाब में आमंत्रण भेजा है।” रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी और चीनी अधिकारी दोनों नेताओं की संभावित बैठक को लेकर शुरुआती बातचीत कर चुके हैं। ऐसी संभावना है कि ट्रंप के इस साल एशिया दौरे के दौरान यह बैठक हो सकती है।
ट्रंप और जिनपिंग की आखिरी मुलाकात 2019 में जापान के ओसाका शहर में G20 सम्मेलन के दौरान हुई थी। फिलहाल अमेरिका और चीन के बीच व्यापारिक तनाव कम करने के लिए बातचीत जारी है। यह तनाव ट्रंप के राष्ट्रपति कार्यकाल के दौरान चीन से आने वाले सामानों पर लगाए गए टैरिफ (शुल्क) के कारण और बढ़ गया था। संभावित चीन दौरे के लिए दो मौके सामने आए हैं। पहला, एशिया-पैसिफिक इकनॉमिक कोऑपरेशन (APEC) सम्मेलन, जो 30 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच साउथ कोरिया में होगा।
दूसरा मौका 3 सितंबर है, जब चीन द्वितीय विश्व युद्ध की समाप्ति की 80वीं वर्षगांठ मना रहा है। इस कार्यक्रम में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भी शामिल होने की उम्मीद है। अब देखना होगा कि ट्रंप चीन का दौरा करते हैं या नहीं, और क्या उनकी शी जिनपिंग से कोई अहम मुलाकात होती है।





