विदेश

अमेरिका और जापान के बीच नया व्यापार समझौता, टैरिफ दर में बदलाव

अमेरिका और जापान के बीच एक नया व्यापार समझौता हो गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसकी घोषणा करते हुए बताया कि अब जापान से आने वाले उत्पादों पर 15 फीसदी टैरिफ लगाया जाएगा। इससे पहले यह दर 25 फीसदी थी। राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा कि यह समझौता लाखों नौकरियां पैदा करेगा और अमेरिका-जापान संबंधों को और मजबूत बनाएगा। उन्होंने बताया कि जापान अमेरिका में 550 अरब डॉलर का निवेश करेगा और अपनी अर्थव्यवस्था को अमेरिकी ऑटोमोबाइल और चावल जैसे उत्पादों के लिए खोल देगा।

ट्रंप प्रशासन का मानना है कि टैरिफ नीति से व्यापार असंतुलन कम होगा और अमेरिकी बजट घाटे को भी नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। 2024 में अमेरिका और जापान के बीच 69.4 बिलियन डॉलर का व्यापार घाटा दर्ज किया गया था। अमेरिका ने फिलीपींस के साथ भी व्यापार समझौता किया है, जिसके तहत फिलीपींस से आयातित वस्तुओं पर 19 फीसदी टैरिफ लगाया जाएगा। वहीं, अमेरिकी उत्पादों पर फिलीपींस कोई टैरिफ नहीं लगाएगा। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि फिलीपींस के राष्ट्रपति मार्कोस की अमेरिका यात्रा सफल रही और यह समझौता दोनों देशों के लिए लाभकारी रहेगा।

इसी तरह, इंडोनेशिया पर भी 19 फीसदी टैरिफ लगाने की घोषणा की गई है। ट्रंप प्रशासन का कहना है कि यह कदम अमेरिकी उद्योग को बढ़ावा देगा और वैश्विक व्यापार संतुलन को सुधारेगा। ट्रंप ने यह भी बताया कि चीन के साथ व्यापार वार्ता 12 अगस्त तक चलेगी। फिलहाल चीन से आयातित वस्तुओं पर 30 फीसदी कर लगाया जा रहा है। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट अगले सप्ताह स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम में चीनी प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। उनका उद्देश्य अमेरिका की खपत-आधारित अर्थव्यवस्था को विनिर्माण की ओर मोड़ना है, जबकि चीन में उपभोग को बढ़ावा देना है।

वहीं, यूरोपीय संघ के प्रतिनिधि बुधवार को व्यापार वार्ता के लिए वाशिंगटन पहुंचेंगे।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button