भारत

अंतरिक्ष से वापसी को तैयार हैं शुभांषु शुक्ला, लखनऊ में परिजनों ने भगवान शिव से की सलामती की प्रार्थना

अंतरिक्ष में इतिहास रचने के बाद भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांषु शुक्ला अब धरती पर लौटने वाले हैं। अक्सिऑम-4 मिशन (Axiom-4 Mission) के तहत इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) पर तैनात शुभांषु और उनकी टीम आज यानी 14 जुलाई को शाम 4:35 बजे (भारतीय समयानुसार) अंतरिक्ष स्टेशन से रवाना होंगे। उनकी वापसी प्रशांत महासागर में कैलिफोर्निया तट के पास 15 जुलाई को दोपहर करीब 3 बजे होगी।


लखनऊ स्थित उनके परिवार में इस वक्त खुशी और उत्साह का माहौल है। शुभांषु की मां आशा शुक्ला ने कहा, “हम तो यही चाहते हैं कि बस उड़कर वहीं पहुंच जाएं और बेटे को गले लगा लें। लेकिन वो संभव नहीं है।” उन्होंने बताया कि बेटे की सुरक्षित वापसी के लिए उन्होंने भगवान शिव से विशेष प्रार्थना की है।
“आज भगवान शिव का खास दिन है। सुबह जल्दी उठकर मंदिर गए और शिवजी का अभिषेक किया। हमने भगवान से दुआ मांगी कि हमारा बेटा सही-सलामत लौटे और उसे कोई नुकसान न पहुंचे,” आशा शुक्ला ने भावुक होकर कहा।

शुभांषु की बहन शुचि मिश्रा ने बताया कि भाई के स्पेस मिशन पर जाने के दिन जैसी ही भावनाएं फिर से उमड़ आई हैं। “हम रोज़ भगवान से दुआ करते थे और शुक्रिया भी अदा करते थे। जब भी बात होती थी, वो बहुत खुश नज़र आता था। अब जब वो लौट रहा है, तो पूरे परिवार में उत्सव जैसा माहौल है।” उन्होंने आगे कहा, “एक पायलट होने के बाद अब वो अंतरिक्ष यात्री भी बन गया है। उसने धरती को शायद एक नए रूप में देखा होगा। और सच कहें तो — ‘सारे जहां से अच्छा हिन्दोस्तां हमारा’ – ये बात आज और भी ज्यादा सच्ची लगती है।”

इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन में रविवार को मिशन के सभी क्रू सदस्यों के लिए विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान ग्रुप कैप्टन शुभांषु शुक्ला ने एक भावुक भाषण दिया और अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा के ऐतिहासिक शब्दों को याद किया — “आज का भारत अभी भी सारे जहां से अच्छा दिखता है।” उन्होंने आगे कहा, “अंतरिक्ष से देखा जाए तो आज का भारत महत्वाकांक्षी, निडर, आत्मविश्वासी और गर्व से भरा हुआ नजर आता है। इन्हीं कारणों से मैं आज पूरे यकीन से कह सकता हूं — आज का भारत अभी भी सारे जहां से अच्छा दिखता है।”

इस ऐतिहासिक मिशन की टीम में शुभांषु शुक्ला के अलावा अमेरिका की अनुभवी अंतरिक्ष यात्री और कमांडर पेगी व्हिटसन, पोलैंड के स्लावोस्ज़ उज्नांस्की-विस्निवेस्की (ESA) और हंगरी के तिबोर कापु (HUNOR) शामिल हैं।

भारत को अंतरिक्ष में गौरव दिलाने वाले ग्रुप कैप्टन शुभांषु शुक्ला की सकुशल वापसी का अब पूरे देश को इंतजार है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button