भारत

राज्यसभा के लिए नामित उज्ज्वल निकम ने बताया- ‘पीएम मोदी ने मजाक में पूछा, हिंदी बोलूं या मराठी?

हाल ही में राज्यसभा के लिए नामित किए गए मशहूर वकील उज्ज्वल देवोराव निकम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई एक दिलचस्प बातचीत का ज़िक्र किया। निकम ने बताया कि राष्ट्रपति द्वारा राज्यसभा के लिए नामित किए जाने से कुछ घंटे पहले पीएम मोदी ने उन्हें फोन किया और मजाक में पूछा, “मैं हिंदी में बात करूं या मराठी में लंबी चर्चा करूं?”

उज्ज्वल निकम ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को उन्हें फोन कर सबसे पहले राज्यसभा नामांकन की जानकारी दी। इस बातचीत के दौरान दोनों के बीच हल्की-फुल्की हंसी-मजाक भी हुआ। निकम ने कहा, “कल प्रधानमंत्री मोदी का फोन आया। उन्होंने पूछा कि हिंदी में बात करूं या मराठी में। हम दोनों हँस पड़े। फिर उन्होंने मराठी में बात की और बताया कि राष्ट्रपति जी मुझे एक ज़िम्मेदारी सौंपना चाहती हैं। उन्होंने नामांकन की जानकारी दी और मैंने तुरंत हामी भर दी।”

निकम ने प्रधानमंत्री के साथ हुई इस बातचीत को बेहद आत्मीय और यादगार बताया। यह बातचीत उस वक्त हुई जब उनके नामांकन की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई थी। गृह मंत्रालय की ओर से शनिवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चार लोगों को राज्यसभा के लिए नामित किया है। इन चारों में उज्ज्वल निकम के अलावा पूर्व राजनयिक हर्षवर्धन श्रृंगला, इतिहासकार मीनाक्षी जैन और शिक्षक-राजनीतिज्ञ सी. सदानंदन मास्टर शामिल हैं।

उज्ज्वल निकम 26/11 मुंबई आतंकी हमलों जैसे कई हाई-प्रोफाइल मामलों में विशेष सरकारी वकील रह चुके हैं और उन्हें देश की न्याय प्रणाली में उत्कृष्ट योगदान के लिए जाना जाता है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button