भारत

कोविड-19 के एक्टिव केस 5,755 हुए, नए वेरिएंट्स से बढ़ी चिंता

भारत में कोरोना वायरस के मामलों में एक बार फिर इजाफा देखने को मिल रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटे में देशभर में कोविड-19 के 391 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके साथ ही देश में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 5,755 हो गई है। इस दौरान चार मरीजों की मौत भी हुई है।

मौत के ये चार मामले मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, केरल और तमिलनाडु से सामने आए हैं। मरने वालों में एक 45 वर्षीय महिला भी शामिल है, जो 9 महीने की गर्भवती थी। बाकी तीन मरीज बुजुर्ग थे और उन्हें पहले से थायरॉयड और सांस से जुड़ी बीमारियां थीं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस बार कोरोना के मामलों में तेजी नए वेरिएंट्स की वजह से देखी जा रही है। इनमें LF.7, XFG, JN.1 और हाल ही में सामने आया नया सबवेरिएंट NB.1.8.1 शामिल हैं।

22 मई से अब तक सक्रिय केसों की संख्या में तेज़ उछाल आया है। जहां 22 मई को केवल 257 एक्टिव केस थे, वहीं अब यह संख्या 5,000 से ज्यादा हो चुकी है। सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य केरल है। इसके बाद दिल्ली, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र में भी तेजी से केस सामने आ रहे हैं। कोरोना मामलों में बढ़ोतरी को देखते हुए केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को अलर्ट रहने की सलाह दी है। सरकार ने मेडिकल ऑक्सीजन, जरूरी दवाओं और अस्पतालों में सुविधाओं को तैयार रखने का निर्देश दिया है।

विशेषज्ञों का कहना है कि कोविड-19 और वायरल फीवर के लक्षण काफी मिलते-जुलते हैं, जैसे बुखार और थकान, इसलिए सही जांच और इलाज जरूरी है। बुजुर्ग और पहले से बीमार लोग ज्यादा सतर्क रहें। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने भी लोगों को मास्क पहनने, हाथ धोते रहने और भीड़भाड़ से बचने की सलाह दी है ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।

कोरोना का खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है। नए वेरिएंट्स के चलते संक्रमण एक बार फिर बढ़ रहा है। ऐसे में जरूरी है कि हम सभी सावधानी बरतें और लक्षण दिखने पर समय पर डॉक्टर से सलाह लें।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button