भारतमौसम

असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर, पीएम मोदी ने हरसंभव मदद और समर्थन का दिया आश्वासन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग और मणिपुर के राज्यपाल अजय भल्ला से क्षेत्र में भारी बारिश और बाढ़ के कारण उत्पन्न स्थिति पर बात की है. पीएम मोदी ने हरसंभव मदद और समर्थन का आश्वासन दिया है.

 

असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने ट्वीट किया, “थोड़ी देर पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने मुझे असम में मौजूदा बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी लेने के लिए फोन किया. मैंने उन्हें बताया कि कैसे असम और आसपास के राज्यों में लगातार बारिश के कारण बाढ़ आई है और इससे कई लोगों की जान पर असर पड़ा है. मैंने उन्हें राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे राहत कार्यों से भी अवगत कराया. प्रधानमंत्री ने चिंता व्यक्त की और हमारे राहत और पुनर्वास प्रयासों के लिए केंद्र सरकार की ओर से पूर्ण समर्थन का आश्वासन दिया. असम के लोगों के लिए उनके मार्गदर्शन और अटूट समर्थन के लिए आभारी हूँ.”

बता दें कि असम में बारिश आफत बनकर बरसी है. असम में भारी बारिश के चलते बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है. राज्य की 10 प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं और 15 से अधिक जिलों में 78,000 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं.

 

अधिकारियों ने बताया कि राज्य में बाढ़ और भूस्खलन से अब तक आठ लोगों की मौत हुई और 15 से अधिक जिलों के 78,000 से अधिक निवासी प्रभावित हुए हैं. उन्होंने बताया कि बाढ़ और भूस्खलन से सड़क परिवहन, रेल यातायात और नौका सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं.

 

केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) ने बाढ़ की गंभीर स्थिति के मद्देनजर राज्य के लिए ‘ऑरेंज बुलेटिन’ जारी किया है. आयोग के मुताबिक ब्रह्मपुत्र और बराक समेत 10 प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं.

If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here

 

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button