भारत

पाकिस्तान के दुष्प्रचार के खिलाफ भारत की वैश्विक कूटनीति, 33 देशों में दौरे पर 7 सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल

भारत सरकार ने पाकिस्तान द्वारा फैलाए जा रहे दुष्प्रचार और आतंकवाद के समर्थन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेनकाब करने के लिए एक बड़ी कूटनीतिक पहल शुरू की है। इसके तहत सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल दुनिया के 33 देशों की राजधानियों का दौरा कर रहे हैं। इन प्रतिनिधिमंडलों में 51 सांसदों के अलावा कई राजनयिक, पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नौकरशाह शामिल हैं। यह सभी मिलकर ‘टीम इंडिया’ के रूप में वैश्विक मंचों पर पाकिस्तान की आतंकवाद समर्थक नीतियों का पर्दाफाश कर रहे हैं।

इन शिष्टमंडलों में से भाजपा सांसद बैजयंत पांडा के नेतृत्व वाला प्रतिनिधिमंडल फिलहाल उत्तरी अफ्रीकी देश अल्जीरिया में मौजूद है। इससे पहले वरिष्ठ भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद डेनमार्क, फ्रांस और इटली का दौरा कर चुके हैं, जहां उन्होंने भारत का पक्ष मजबूती से रखा। अन्य भारतीय दल सिएरा लियोन, पनामा, ग्रीस, बहरीन, कतर, रूस, जापान और संयुक्त अरब अमीरात जैसे देशों का दौरा कर चुके हैं।

डीएमके सांसद कनिमोझी के नेतृत्व में समूह छह के प्रतिनिधिमंडल का लातविया में भारतीय प्रवासी समुदाय ने पारंपरिक सिंदूर सम्मान से स्वागत किया। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने प्रवासी भारतीयों के साथ संवाद भी किया और उन्हें भारत सरकार की विदेश नीति तथा पाकिस्तान से जुड़ी सच्चाई से अवगत कराया।

कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में समूह पांच के प्रतिनिधिमंडल ने कोलंबिया काउंसिल फॉर इंटरनेशनल रिलेशंस में अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों और विचारकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद और भारत की नीतियों पर विस्तृत चर्चा हुई।

इस कूटनीतिक मुहिम को प्रवासी भारतीयों से भी समर्थन मिल रहा है। जकार्ता से आए राजस्थान के निवासी और प्रवासी समुदाय के प्रतिनिधि पुनीत बक्शी ने कहा, “आज की दुनिया में युद्ध केवल हथियारों का नहीं, बल्कि सूचना और विचारों का भी है। पाकिस्तान की झूठी कहानियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काटना जरूरी था और भारत सरकार ने यह काम बखूबी किया है। प्रतिनिधिमंडल की बातों ने हमारे सभी संदेहों को दूर कर दिया है।”

भारत की यह कूटनीतिक पहल पाकिस्तान के झूठे दावों को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर चुनौती देने और वैश्विक समुदाय को भारत के रुख से अवगत कराने का महत्वपूर्ण प्रयास साबित हो रही है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button