परेश रावल और अक्षय कुमार के बीच ‘हेरा फेरी 3’ को लेकर कानूनी विवाद, 25 करोड़ का मुकदमा

बॉलीवुड की सुपरहिट फ्रैंचाइज़ी ‘हेरा फेरी’ की तीसरी किस्त को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। अभिनेता परेश रावल के फिल्म से बाहर होने के फैसले पर अब कानूनी लड़ाई छिड़ गई है। फिल्म के निर्माता अक्षय कुमार की ओर से परेश रावल पर 25 करोड़ रुपये का मुकदमा दर्ज कराया गया है। रविवार सुबह अभिनेता परेश रावल ने सोशल मीडिया पर बयान जारी किया। उन्होंने कहा, “मेरे वकील अमीत नाइक ने इस मामले में मेरा जवाब भेज दिया है। मुझे उम्मीद है कि एक बार जब वे मेरा जवाब पढ़ेंगे, तो सारे मुद्दे सुलझ जाएंगे।”
My lawyer, Ameet Naik, has sent an appropriate response regarding my rightful termination and exit. Once they read my response all issues will be laid to rest.
— Paresh Rawal (@SirPareshRawal) May 25, 2025
गौरतलब है कि अमीत नाइक बॉलीवुड के जाने-माने वकील हैं, जो पहले अमिताभ बच्चन और अनिल कपूर जैसे सितारों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
इससे पहले शुक्रवार को अक्षय कुमार के वकील और परिनम लॉ एसोसिएट की पार्टनर पूजा तिड़के ने कहा कि परेश रावल के फिल्म छोड़ने से फिल्म को बड़ा नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा, “इसका असर न सिर्फ फ्रैंचाइज़ पर पड़ेगा, बल्कि कलाकारों, तकनीकी टीम और ट्रेलर की शूटिंग पर किए गए खर्च पर भी पड़ेगा। इसके गंभीर कानूनी परिणाम हो सकते हैं।”
खबरों के मुताबिक परेश रावल को फिल्म ‘हेरा फेरी 3’ के लिए साइनिंग अमाउंट के तौर पर 11 लाख रुपये दिए गए थे। अब उन्होंने यह रकम 15 प्रतिशत सालाना ब्याज के साथ वापस कर दी है। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक यह पैसा लौटाया जा चुका है।
परेश रावल के फिल्म से हटने के बाद अक्षय कुमार की कंपनी ‘केप ऑफ गुड फिल्म्स’ ने उन पर 25 करोड़ रुपये का नुकसान होने का दावा करते हुए केस दर्ज कराया है। आरोप है कि परेश रावल के अचानक हटने से फिल्म की शूटिंग, कलाकारों की फीस और मार्केटिंग में बड़ा असर पड़ा है।
‘हेरा फेरी 3’ को लेकर चल रही यह खींचतान अब कोर्ट के दरवाजे तक पहुंच चुकी है। अब देखना होगा कि परेश रावल के जवाब के बाद अक्षय कुमार और उनकी टीम क्या कदम उठाती है और यह विवाद किस दिशा में जाता है।





