विदेश

‘आज भारत है, कल आप हो सकते हैं…’: JDU सांसद संजय कुमार झा

JDU सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल जापान के दौरे पर है. यह प्रतिनिधिमंडल ऑपरेशन सिंदूर और आतंकवाद के खिलाफ भारत की निरंतर लड़ाई को प्रदर्शित करने के लिए जापान, इंडोनेशिया, मलेशिया, कोरिया गणराज्य और सिंगापुर का दौरा करने वाला है. जेडीयू सांसद संजय कुमार झा ने टोक्यो (जापान) में कहा कि हम दुनिया को यह बताने के लिए जा रहे हैं कि आज भारत है, कल आप हो सकते हैं, तो तटस्थ मत रहिए. आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई सभी के लिए है.

 

जेडीयू सांसद ने कहा कि 2008 में मुंबई पर भयानक हमला हुआ, जहां दो जापानी भी मारे गए. हमने कसाब को जिंदा पकड़ा जो पाकिस्तानी था. हम 140 अरब लोगों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और पाकिस्तान के सीमा पार आतंकवाद के बारे में बताने के लिए पूरी दुनिया में जा रहे हैं. वे (पाकिस्तान) इसे फंड करते हैं, प्रशिक्षित करते हैं, फिर वे भारत भेजते हैं, शायद दुनिया के अन्य हिस्सों में भी.

 

जेडीयू सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल में शामिल बीजेपी सांसद डॉ. हेमांग जोशी ने कहा, “भारत से सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल एक मिशन के साथ यहां (जापान) आया है. मिशन है- आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में दुनिया को एकजुट करना और पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवाद को दुनिया के सामने बेनकाब करना.” जापान में पहले दिन को उन्होंने फलदायी बताया.

 

सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के एक सदस्य और भाजपा सांसद बृज लाल ने कहा, “हमें खुशी हुई कि जापान में और यहां के लोगों ने भारत की आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को समझा. पिछले 4 दशक से हम पीड़ित रहे हैं. 2016 तक हमने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी… 2016 में जब हम पर हमला हुआ तब हमने प्रतिक्रिया दी और सर्जिकल स्ट्राइक की. हमें लगा कि शायद अब पाकिस्तान समझ जाएगा… लेकिन 22 अप्रैल को जो घटना हुई, उसके बाद हमने सटीक हमला किया. इस हमले में भी हमने नागरिकों को निशाना नहीं बनाया केवल उनके आतंकवादी ठिकानों को ध्वस्त किया… यह हम पूरी दुनिया को बता रहे हैं और दुनिया समझ रही है कि हमने इस लड़ाई को आगे नहीं बढ़ाई… हम लोग एक शांतिप्रिय देश हैं लेकिन अगर उन्होंने हमला किया तो यह नया भारत है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भारत है. हम उनके आतंकवादी ठिकानों को बर्बाद कर देंगे और उसके प्रायोजकों को भी नहीं छोड़ेंगे.”

If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here

 

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button